सख्ती : रिहायशी इलाके में कामर्शियल कार्य पर निगम कसेगा शिकंजा
रिहायशी इलाकों में घरेलू टैक्स की आड़ में व्यावसायिक कार्य करने वालों के खिलाफ निगम ने सख्ती से निपटने का मन बनाया है।
मनीष श्रीवास्तव, अंबाला शहर
रिहायशी इलाकों में घरेलू टैक्स की आड़ में व्यावसायिक कार्य करने वालों के खिलाफ निगम ने सख्ती से निपटने का मन बनाया है। जो लोग वर्षों से अपने घरों में रहने के अलावा व्यावसायिक कार्य कर नगर निगम करोड़ों का टैक्स चोरी कर रहे हैं, अब निगम उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। इस दायरे में वह लोग आएंगे जो अपने घर में दुकान चला रहें हैं। साथ ही नगर निगम में बिना पंजीकरण के पीजी सेंटर, गोदाम अथवा अन्य व्यवसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। इसके लिए निगम प्रशासन ने 32 टीमें लगाई है।
अंबाला कैंट के विधायक अनिल विज को गृह विभाग के साथ नगर निकाय का मंत्री बनाए जाने से नगर निगम के अधिकारियों ने आय बढ़ाने संबंधी तरह तरह की जुगत लगाने लगे हैं। अब निगम परिक्षेत्र में बने सभी रिहायशी व व्यवसायिक भवन का सर्वे करा रहा है। सर्वे के लिए नगर निगम ने 32 टीमों को लगाया है। यह टीम संबंधित भवन का निर्माण कितने क्षेत्रफल में हुआ है और इसमें कमरे अथवा दुकान की संख्या के अलावा रहने वालों का ब्यौरा होगा। अगर कोई भवन स्वामी ने सही तथ्य को छिपाया तो उसके खिलाफ निगम नोटिस जारी कर अर्थदंड ठोक सकता है। मानचित्र नहीं तो कटेगा बिजली-पानी
नगर निगम क्षेत्र में बिना मानचित्र के भवन का निर्माण कराने वालों को खामियाजा अर्थदंड के रूप में भुगतना पड़ सकता है। साथ ही टैक्स वर्ष 2010 से सरचार्ज के साथ अदा करना होगा। फिर भी कोई नाफरमानी करता मिला तो सबसे पहले उसका पानी और बिजली का कनेक्शन कटेगा और उसके बाद भी नहीं माना तो प्रापर्टी नगर निगम सील कर सकता है। नक्शा पास होने की तरीख से लगेगा टैक्स
सर्वे में टीम यह देखेगी कि भवन मालिक, नगर निगम को किस हिसाब से टैक्स की अदायगी करता आ रहा है। अगर सर्वे में टैक्स की चोरी मिली तो उस भवन के मानचित्र पास होने की तारीख से जुर्माना सहित टैक्स का नोटिस भेजा जाएगा। भवन मालिक की दिक्कतें उस समय और भी बढ़ सकती है कि अगर सर्वे में वह लंबे समय से टैक्स चोरी करता पाया गया। निगम उससे न केवल वर्तमान बल्कि अभी तक का बढ़ा टैक्स भी वसूलेगा। नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले सभी घरेलू और व्यावसायिक भवनों का सर्वे कराया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है वह तथ्यों की सही जानकारी टीम को दें, अन्यथा चोरी मिलने पर जुर्माने के साथ नोटिस थमाया जाएगा।
- सुशील कुमार, कमिश्नर, नगर निगम अंबाला शहर।