कांग्रेस का लक्ष्य, जन-जन का कल्याण: जसबीर मलौर
अंबाला शहर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जसबीर मलौर ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य देश के हर व्यक्ति का विकास करवाना है। भ्रष्टाचार मिटाने का दावा करने वाली भाजपा के कार्यकाल में ही अंबाला शहर में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर: अंबाला शहर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जसबीर मलौर ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य देश के हर व्यक्ति का विकास करवाना है। भ्रष्टाचार मिटाने का दावा करने वाली भाजपा के कार्यकाल में ही अंबाला शहर में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। कूड़ा घोटाला सभी के सामने है, जिसे दबा दिया गया।
बृहस्पतिवार को अंबाला शहर में प्रचार अभियान के दौरान मलौर ने कहा कि शहर से भाजपा प्रत्याशी असीम गोयल अनुच्छेद 370 का जिक्र करते हुए मोदी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। वह ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया। अब जब हार सामने नजर आ रही है तो घबराए हुए हैं और मोदी की नाव के सहारे एक बार फिर से चुनावी वैतरणी पार करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोयल खुद को नगरसेवक कहते हैं, जबकि जनता सब जानती है। नगर निगम का हाल भाजपा कार्यकाल में क्या हुआ, सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर गरीबों और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए खास योजनाएं बनाई जाएगी। सरकारी, अर्ध सरकारी और बोर्ड अथवा निगम में रिक्त पदों के एससी बीसी के बैकलॉग को भरा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में भाजपा सत्ता से बाहर होगी।