रोपड़ से ड्यूटी खत्म कर लौट रहे सिविल इंजीनियरिग की हादसे में मौत
रोपड़ से ड्यूटी खत्म कर लौट रहे सिविल इंजीनियरिग कुलदीप सिंह की हादसे में मौत हो गई। हादसा अंबाला-चंडीगढ़ रोड पर गांव सुल्तानपुर बैरियर के पास हुआ। मृतक करनाल के गांव संवत का रहने वाला था।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : रोपड़ से ड्यूटी खत्म कर लौट रहे सिविल इंजीनियरिग कुलदीप सिंह की हादसे में मौत हो गई। हादसा अंबाला-चंडीगढ़ रोड पर गांव सुल्तानपुर बैरियर के पास हुआ। मृतक करनाल के गांव संवत का रहने वाला था। उधर हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थाना बलदेव नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
गांव संवत निवासी जगदीप सिंह ने बताया कि उसका बड़ा भाई कुलदीप सिंह रोपड़ में प्राइवेट कंपनी में सिविल इंजीनियरिग था। मंगलवार रात वह बाइक पर रोपड़ से गांव के लिए चला था। जब वह करीब 11 बजे गांव सुल्तानपुर बैरियर से थोड़ा पहले डीटीडीसी ऑफिस के सामने पहुंचा तभी किसी अज्ञात चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर जा गिरा।
दुर्घटना में कुलदीप के सिर, बाजू व टांगों पर गहरी चोटें आई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और किसी तरह से उसे ट्रामा सेंटर पहुंचाया। लेकिन शरीर पर गहरी चोटें लगने से काफी खून बह गया था। ऐसे में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है। आल्टो व बाइक में टक्कर, घायल
उधर, अंबाला शहर के बलदेव नगर पुल जेल के पास ऑल्टो व बाइक में टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार घायल हो गया। गांव संभाल निवासी मनप्रीत ने बताया कि वह बाइक पर अपने पिता बलदेव के साथ किसी काम से शहर आए थे। जब वे जेल पुल के पास पहुंचे तो कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह दोनों नीचे गिर गए। इससे उनके पिता को गहरी चोटें आई है। पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर कार चालक आरोपित करनाल के गांव मेहरून निवासी सुखपाल के खिलाफ केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।