सांड़ ने जमकर उत्पात मचाया, टक्कर मार क्षतिग्रस्त किए वाहन
कस्बे में बृहस्पतिवार की शाम सांड़ ने जमकर उत्पात मचाया। सांड़ बेकाबू होकर दोपहिया वाहनों को टक्कर मारने लग गया। जो भी उसे हटाने का प्रयास करता तो उसके पीछे मारने के लिए दौड़ता।
संवाद सहयोगी, मुलाना: कस्बे में बृहस्पतिवार की शाम सांड़ ने जमकर उत्पात मचाया। सांड़ बेकाबू होकर दोपहिया वाहनों को टक्कर मारने लग गया। जो भी उसे हटाने का प्रयास करता तो उसके पीछे मारने के लिए दौड़ता। सांड़ ने कई दोपहिया वाहनों को गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों ने बताया कि यह सांड़ पिछले कई महीनों से गांव में देखा जा रहा है। जोकि कई बार लोगों के पीछे भागने लग जाता है।
स्थानीय निवासी श्रीपाल जैन, पिकी, राजीव गुप्ता व शिवांशु नागपाल ने बताया कि कस्बे में जगह-जगह लावारिस पशुओं के झुंड घूमते देखे जा सकते हैं। जोकि लोगों को देखते ही उनके पीछे दौड़ लेते हैं। जिससे कोई बड़ा हादसा घटित हो सकता है। लेकिन प्रशासन आंखे मूंदे बैठा है। लोगों ने बताया कि कस्बे में पिछले काफी समय से बेसहारा पशुओं को पकड़ कर नंदीशाला भेजने का अभियान नहीं चलाया गया है। जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। लोगों के अनुसार प्रशासन किसी बड़े हादसे के इंतजार में है। जिसके बाद प्रशासन की कुंभकर्णी नींद से आंख खुलेगी।
पिछले साल एक सांड़ ने बुजुर्ग की ली थी जान
लगभग एक साल पहले एक लावारिस सांड ने मुलाना के बुजुर्ग रामसिंह की जान ले ली थी। राम सिंह ने अपने बाड़े में घुसे लावारिस सांड को जैसे ही हटाने की कोशिश की तो सांड बेकाबू होकर बुजुर्ग पर टूट पड़ा था। उसने बुजुर्ग को कई टक्कर मारी थी। जिससे बुजुर्ग ने चार दिन बाद दम तोड़ दिया था।