अनूठा संयोग : भैया दूज के दिन भाई के साथ जन्मीं दो बहनें
जागरण संवाददाता, अंबाला : भैया दूज के दिन पहले बहन आई फिर भाई ने जन्म लिया और इसके बाद ि
जागरण संवाददाता, अंबाला : भैया दूज के दिन पहले बहन आई फिर भाई ने जन्म लिया और इसके बाद फिर बहन ने जन्म लिया। यह अनोखा संयोग छावनी के मोंगा अस्पताल में घटित हुआ। जब गगनहेड़ी की नेहा ने एक साथ तीन संतानों को जन्म दिया है। जिससे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। परिवार के लोग ऐसे पवित्र त्योहार पर बने इस संयोग को लेकर अपने आप को सौभाग्यशाली मानते हुए भगवान के शुक्रगुजार हैं।
नेहा के पति अरुण के मुताबिक यह उसकी पत्नी की पहली डिलीवरी थी। भैया दूज के दिन उसकी झोली ऐसे खुशियों से भर जाएगी यह आभास नहीं था। ठीक 1:55 बजे उसकी पत्नी ने लड़की को जन्म दिया। उसके अगले ही मिनट 1:56 बजे लड़का हुआ। उन्हें जुड़वां बच्चों की ही उम्मीद थी लेकिन जब 1:57 बजे तीसरे बच्चे के रूप में लड़की ने जन्म लिया तो यह पूरे परिवार के लिए आश्चर्यजनक था। तीनों ही बच्चे स्वस्थ हैं। पहली लड़की व लड़के का वजन 2-2 किलो था जबकि सबसे बाद में जन्मी लड़की का वजन डेढ़ किलो था। हालांकि, बच्चों का जन्म सर्जरी से हुआ। अस्पताल में इस परिवार को मिलने वाले रिश्तेदारों का तांता लगा रहा।
अल्ट्रासाउंड में जुड़वां बताए थे बच्चे
अरूण के मुताबिक जब भी उसने अपनी पत्नी का अल्ट्रासाउंड कराया तब रेडियोलॉजिस्ट ने उसे हर बार पत्नी को जुड़वां बच्चे होने की जानकारी दी। उसने पहले छावनी के राजीव अल्ट्रासाउंड से और बाद में श्री अल्ट्रासाउंड महेशनगर से अपनी पत्नी का चेकअप कराया था। दोनों ने ही जुड़वां संतान होने की बात कही थी। ऐसे में वे डिलीवरी के वक्त दो बच्चों के हिसाब से ही कपड़ों आदि की तैयारी करके बैठे थे। जब उन्हें तीन संतान हुई तो यह उनके लिए भी हैरानीजनक था कि डॉक्टर भी इसे भांप नहीं पाए थे।