उत्तर प्रदेश के वाराणसी में अंबाला के एएसआइ ने स्थापित किया कीर्तिमान
उत्तर प्रदेश वाराणसी के डा. संपूर्णानंद विश्वविद्यालय सिकरा स्टेडियम में 27 से 30 नवंबर तक हुई नेशनल प्रतियोगिताओं में अंबाला पुलिस के जवानों ने हिस्सा लिया।
जागरण संवाददाता, अंबाला : उत्तर प्रदेश वाराणसी के डा. संपूर्णानंद विश्वविद्यालय सिकरा स्टेडियम में 27 से 30 नवंबर तक हुई नेशनल प्रतियोगिताओं में अंबाला पुलिस के जवानों ने हिस्सा लिया। शहर के बलदेवनगर थाने में तैनात एएसआइ जय सिंह ने 45 आयु वर्ग के 1500 मीटर एथलेटिक्स में ब्राउंज और 4 गुणा 100 रिले रेस में सिलवर मेडल प्राप्त किया। अंबाला पहुंचने के बाद शास्त्री कालोनी स्थित आवास पर राज्य के गृहमंत्री अनिल विज ने एएसआइ जय सिंह को मेडल पहनाकर सम्मान बढ़ाया।
अंबाला पुलिस के एसएआइ जय सिंह छात्र जीवन से ही एक अच्छे धावक रहे। पुलिस सेवा में आने के बाद भी जय सिंह का हौसला बना रहा और समय समय पर आयोजित होने वाली एथलेटिक्स में लगातार कीर्तिमान स्थापित करते रहे। कोरोना काल के पहले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी जय सिंह ने कई मेडल जीते थे। कड़ी मेहनत और परिश्रम की बदौलत उन्हें पुलिस सेवा में एक ईमानदार जवान के साथ खिलाड़ी के रूप में पहचान है।
शनिवार को राज्य के गृहमंत्री अनिल विज अपने शास्त्री कालोनी स्थित आवास पर एएसआइ जय सिंह के पहुंचने पर उत्साह वर्धन करते हुए मेडल पहनाकर सम्मानित किया। विज ने कहा कि हमारी हरियाणा पुलिस में जय सिंह एक ईमानदार और निष्ठावान जवान के रूप में पहचान बना चुके हैं। पुलिस के सभी जवानों को जयसिंह की तरह कड़ी मेहनत करके नौकरी के साथ साथ एक अच्छा खिलाड़ी भी बनना चाहिए। खेल से शरीर तंदुस्त रहता है और इंसान निरोग रहता है। इससे पहले अंबाला के एसपी भी जय सिंह को सम्मानित कर चुके हैं।