वकील से मारपीट कर आरोपित बोले वकालत छुड़वा देंगे
दो लोगों की कानूनी तौर पर मदद करना महंगा पड़ गया। आरोपितों ने उसे घेरा और थप्पड़ मुक्के मारे। साथ ही कहा कि तेरी वकालत छुड़वा देंगे।
संवाद सहयोगी, नारायणगढ़ : दो लोगों की कानूनी तौर पर मदद करना महंगा पड़ गया। आरोपितों ने उसे घेरा और थप्पड़ मुक्के मारे। साथ ही कहा कि तेरी वकालत छुड़वा देंगे। आरोपितों से बचकर वह अपने घर घुसा, जहां उनके घर में ईंटें भी बरसाई। पुलिस ने कुलदीप सैनी निवासी वार्ड छह नारायणगढ़ की शिकायत पर सोहन डांग, पुनीत डांग, सूरज डांग के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायत में कुलदीप सैनी ने बताया कि वह नारायणगढ़ कोर्ट में बतौर एडवोकेट प्रैक्टिस करता है। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 2021 की रात को मुख्य सड़क से अपने घर की ओर आ रहा था। इसी दौरान आरोपितों ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। इन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। साथ ही कहा कि पहले रोहित बख्शी और अब रोहित धीमान के साथ झगड़ा चल रहा है और वह (एडवोकेट) की कानूनी मदद कर रहा है। आरोपितों ने कहा कि वे उसकी वकालत छुड़वा देंगे। किसी तरह बचकर वह अपने घर में घुस गया। लाठी डंडे आदि लेकर करीब सात लोग उनके घर में घुस आए। इन सभी ने उसके साथ मारपीट की और उसके घर में ईंटें व पत्थर भी फेंके। उसने शोर मचाया तो और लोग भी इकठ्ठा होने शुरू हो गए। इस पर आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। वह घबरा चुका था और वह खुद को बचाने के लिए घर की सीढि़यों से पड़ोसी की छत से होकर पीछे गली से भाग और सीधा नारायणगढ़ नागरिक अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने आरोपितों सहित करीब सात अन्य पर केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।