़1100 बेटियों ने दिखाया दमखम, तीन हुई बेहोश
अंबाला छावनी के खड़गा स्टेडियम में शनिवार को शुरू हुई महिला सिपाही (जीडी) की भर्ती में युवतियों का उत्साह देखते ही बना।
जागरण संवाददाता, अंबाला
अंबाला छावनी के खड़गा स्टेडियम में शनिवार को शुरू हुई महिला सिपाही (जीडी) की भर्ती में युवतियों का उत्साह देखते ही बना। हरियाणा की बेटियों ने जहां बॉलीवुड से लेकर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, वहीं 1.61 किलोमीटर की दौड़ में अपना दमखम दिखाया। हालांकि इस दौड़ में गर्मी के कारण करीब तीन युवतियां गिरकर बेहोश हो गईं। हालांकि इन को पानी पिलाया गया, जिसके बाद उनकी तबीयत संभल गई। इस भर्ती में शनिवार को रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखीदादरी से करीब 1100 लड़कियों ने भागीदारी की। यहां पर हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, चंडीगढ़ से हजारों युवतियों ने आवेदन किया है, जबकि पद सौ के करीब ही हैं। भर्ती में जिला पुलिस से महिला पुलिस कर्मचारियों का भी सहयोग रहा।
उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना में पहली बार महिलाओं के लिए अधिकारी पद से नीचे के पद के लिए भर्ती की जा रही है। उत्तर भारत के राज्यों के लिए यह रैली अंबाला में चल रही है। इसके बाद इस तरह की रैली देश के अन्य राज्यों के लिए लखनऊ, शिलांग, जबलपुर और बंग्लुरु जोन में आयोजित की जायेगी। उम्मीदवारों के लिए जिला प्रशासन व सेना पुलिस द्वारा भी व्यापक व्यवस्था की गई है। उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर सेना द्वारा एक काउंटर भी लगाया गया। यहां से उम्मीदवारों को भर्ती रैली तक लाया गया। शनिवार को चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, भिवानी व रेवाड़ी से आई करीब 1100 महिला उम्मीदवारों ने भाग लिया। इनका फिजिकल टेस्ट लिया गया, जिसके बाद अन्य औपचारिकताएं पूरी की गई। जो फिजिकल टेस्ट में पास हुईं, उनका मेडिकल होगा, जिसके बाद अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।