रूपाणी ने अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां साबरमती नदी में प्रवाहित की
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां साबरमती नदी में प्रवाहित की।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां साबरमती नदी में प्रवाहित की। मुख्यमंत्री रूपाणी, केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता अस्थिकलश यात्रा में शामिल हुए। भाजपा अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी बुधवार को ही दिल्ली से अस्थिकलश लेकर अहमदाबाद पहुंचे थे।
पूर्व प्रधानमंत्री व भाजपा के संस्थापक नेताओं में से एक अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थिकलश यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा के नेता, कार्यकर्ता व आम जनता शामिल हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली में गुजरात अध्यक्ष जीतू वाघाणी को वाजपेयी का अस्थिकलश सौंपा, वाघाणी अस्थिकलश लेकर अहमदाबाद पहुंचे थे। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, केंद्रीय मंत्री रूपाला, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, पार्टी के नेता व कार्यकर्ता इस अस्थिकलश यात्रा में शामिल हुए।
साबरमती रिवरफ्रंट पर मुख्यमंत्री व भाजपा अध्यक्ष ने वाजपेयी की अस्थियां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच साबरमती में प्रवाहित की। देश के बाईस राज्यों की करीब एक सौ नदियों में वाजपेयी की अस्थियां प्रवाहित की जाएंगी। गौरतलब है कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की इच्छानुसार उनकी अस्थियां देश के विविध इलाकों के खेतों में प्रवाहित की गई थी।