प्रवीण तोगड़िया की जगह कोकजे बन सकते हैं विहिप अध्यक्ष!
प्रवीण तोगड़िया के स्थान पर हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश व पूर्व राज्यपाल वीएस कोकजे को विहिप का अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
अहमदाबाद। डॉ प्रवीण तोगड़िया भले विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पर्याय बन गए हों, लेकिन शनिवार को विहिप में उनका आखिरी दिन हो सकता है। तोगड़िया के स्थान पर हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश व पूर्व राज्यपाल वीएस कोकजे को अध्यक्ष बनाया जा सकता है। गुरुग्राम में होने वाली विहिप की कार्यकारी समिति में परिषद में और भी कई बदलाव हो सकते हैं। तोगड़िया व अध्यक्ष राघव रेड्डी को विहिप से बाहर किया जा सकता है।
इसलिए है खींचतान
गुजरात में बीते कई वर्षों से विश्व हिंदू परिषद व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच आपसी खींचतान है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मतभेद का खुला एलान खुद तोगड़िया कई बार कर चुके हैं। चुनावों के दौरान भी तोगड़िया कई मौकों पर भाजपा को आंख दिखाते रहे हैं। गत दिनों करीब 10 घंटे लापता रहने के बाद वे अचानक अहमदाबाद के शाहीबाग में एक होटल में अचेतनवस्था में पाए गए थे। तब से ही माना जा रहा था कि अब विहिप में वे लंबे समय तक नहीं टिक पाएंगे। तोगड़िया के साथ उनके समर्थक व विहिप अध्यक्ष राघव रेड्डी को भी परिषद से कार्यमुक्त किया जा सकता है।
जानें, कौन हैं कोकजे
तोगड़िया के स्थान पर पूर्व न्यायाधीश विष्णु सदाशिव कोकजे को विहिप की कमान सौंपी जा सकती है। कोकजे वर्ष 1990 से 2001 तक मध्य प्रदेश व राजस्थान हाईकोर्ट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे भारत विकास परिषद जो कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ही अनुशांगिक संस्था है के अध्यक्ष भी रहे हैं। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया था, जिस पद पर वे मई 2003 से 2008 तक रहे थे।
गौरतलब है कि विहिप की स्थापना वर्ष 1964 में एमएस गोलवलकर, केशवरम काशीराम तथा एसएस आप्टे ने की थी, वर्तमान में इसकी सदस्य संख्या 55 मिलियन से अधिक बताई जाती है।