Murder In Gujarat: प्रेम विवाह के बाद पत्नी की हत्या, गिरफ्तार
Wife Murder Case. प्रेम विवाह के बाद पत्नी की हत्या के मामले में पति गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अहमदाबाद, जेएनएन। कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन के बाद भी गुजरात में अहमदाबाद शहर के नरोडा क्षेत्र में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमिका की हत्या करने के बाद प्रेमी ने राजस्थान जाकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। इसके बाद नरोड़ा पुलिस राजस्थान के उदयपुर जाकर आरोपित प्रेमी को हिरासत में लिया। पुलिस अब उसे उसे लेकर अहमदाबाद पहुंची है।
जानकारी के मुताबिक, प्रेम कहानी फेसबुक से शुरू हुई। फेसबुक से प्रेम में पड़े राजस्थान के उदयपुर के युवक व युवती ने घर से भाकर विवाह कर लिया था। दोनों भागकर अहमदाबाद आ गए थे। दोनों अहमदाबाद के नरोड़ा क्षेत्र मे स्थित देवनंदन फ्लैट में किराए पर रहते थे। युवती को शक करने की बीमारी थी। वह आए दिन अपने पति को शंका की नजर से देखती थी। इसी के कारण दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था। एक दिन युवक ने मां से मिलने के लिए राजस्थान जाने की बात की। इस पर युवती ने मना कर दिया और युवक की मां को भी बुरा भला कहने लगी। इस दौरान तैश में आए युवक ने युवती का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बैग में रख घर को ताला लगा कर वह उदयपुर चला गया।
उदयपुर पहुंचने के बाद अनुराग सिंह को अपनी भूल का अहसास हुआ। उसने वहां उदयपुर में पुलिस थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। अपने अपराध को कबूल करने के साथ ही उसने कहा कि उसने उसकी प्रेमिका जिससे उसने शादी की थी, हत्या कर दी। इसकी जानकारी के साथ ही पुलिस ने नरोडा पुलिस को मामले से अवगत करवाया। घटना की छानबीन कर रही नरोड़ा पुलिस भी चौक गई। आरोपित की खबर मिलते नरोड़ा पुलिस बीते दिन आरोपित को लेने के उदयपुर पहुंची। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस आरोपित से सख्ती से पूछताछ करेगी। पूछताछ के दौरान इस मामले में अहम खुलासा होने की उम्मीद है।