Gujarat: सुरेंद्रनगर की धांगध्रा सब जेल से पांच कैदी फरार
Dhrangadhra sub jail. गुजरात में धांगध्रा सब जेल से पांच कैदी फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
अहमदाबाद, संवाद सूत्र। Dhrangadhra sub jail. गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले की धांगध्रा सब जेल से पांच कैदी फरार हो गए हैं। बुधवार सुबह बैरेक का ताला तोड़कर पांचों कैदी भाग गए। पांचों पर हत्या व चोरी के मामले दर्ज हैं। घटना की सूचना मिलने पर धांगध्रा पुलिस सहित उच्च अधिकारियों का काफिला आ पहुंचा। पुलिस ने नाकाबंदी कर तलाश शुरू की। कुछ दिन पहले इसी तरह दाहोद जिले की सब जेल से 15 कैदी फरार हो गए थे।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह चार बजे आसपास यह घटना हुई। विचाराधीन कैदी धरम कांति, नानजी कांति, सवजी कांति, शंतु कांति तथा अन्य एक परप्रांतीया कैदी प्रकाश कुशवाह सुरेन्द्रनगर की सब जेल में बंद थे। पांचों बैरक का ताला तोड़ने के बाद अंधेरे में जेल की दीवार फांद कर फरार हो गए। घटना की जांच कर रहे पुलिस उपाधीक्षक आबी देवधा ने बताया कि अभी तक उनका कुछ पता नहीं चल पाया है।
सुरेंद्रनगर की सीमा के आसपास के चेकपोस्ट पर नाकाबंदी कर दी गई है। उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जेल से फरार पांचों कैदियों पर हत्या व चोरी के मामले दर्ज हैं। चार देवीपूजग और एक परप्रांतीय है। उन्होंने बताया कि सुरेंद्रनगर सब जेल में से चार दिन पहले ही बेरेक नंबर छह से विचारधीन कैदियों के पास छह मोबाइल व चार्जर मिले थे। इसलिए सुरक्षा की दृष्टि धांगध्रा जेल संवेदनशील है। फिलहाल, कैदियों की पकड़ने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले दाहोद की सब जेल में से एक साथ 15 कैदी फरार हो गए थे। उस समय पुलिस को कैदियों को पकड़ने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी थी। एक बार फिर प्रदेश की सब जेल में से पांच कैदियों के भाग जाने की घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। कैदियों की फरारी के बाद जेल में सुरक्षा पर सवाल भी उठने लगे हैं।