गुजरात में नौ साल की लड़की से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म
पुलिस ने बताया कि आरोपित दो बार पहले भी पीड़िता के साथ इस तरह दुष्कर्म कर चुका था।
अहमदाबाद, जेएनएन। सूरत में एक मासूम लड़की से दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि राजकोट में ऐसा ही मामला प्रकाश में आया है। आरोपित पीड़िता का पड़ोसी है। वह नौ साल की मासूम लड़की को घर पर अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म करके फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने चंद घंटों में ही उसे दबोच लिया।
सहायक पुलिस आयुक्त हर्षद मेहता ने बताया कि गांधीधाम में रहने वाला मुरली भरवाड अपने पड़ोस में रहने वाली मासूम लड़की से दुष्कर्म कर फरार हो गया था। पीड़िता के माता-पिता के घर लौटने पर इसका पता चला। पुलिस ने सूचना मिलते ही पीड़िता से पूछताछ के बाद आरोपित मुरली भरवाड की तलाश शुरू कर दी। चंद घंटों में ही आरोपित को पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि आरोपित दो बार पहले भी पीड़िता के साथ इस तरह दुष्कर्म कर चुका था। राजकोट में इस घटना की खबर फैलते ही लोग व विविध संगठनों के सामाजिक कार्यकर्ता सडकों पर उतर आए।
गौरतलब है कि गत दिनों सूरत में एक मासूम लड़की से दुष्कर्म व हत्या का मामला अभी तक अनसुलझा है, पुलिस को दस दिन में भी आरोपित व पीड़िता की पहचान को लेकर कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने शहर में 12 सौ पोस्टर लगाने के साथ नौ वर्ष की मासूम लड़की के शव, उसके माता-पिता तथा अपराधियों की पहचान बताने वाले को 20 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की है।
सूरत के पुलिस आयुक्त सतीश शर्मा ने बताया कि पीड़िता के पश्चिम बंगाल या उोडिशा की होने की संभावना है। पुलिस का मानना है कि अपराधियों ने सूरत से बाहर कहीं लड़की को करीब एक सप्ताह बंधक बनाकर रखा तथा उसके साथ दुष्कर्म व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़िता के शव पर 86 घाव पाए गए। लड़की की हत्या गला दबाकर की गई है। हत्या से पहले उसके साथ कई दिन तक दुष्कर्म किया गया।