कांग्रेस के दोनों विधायकों का निलंबन खत्म होने की संभावना
गुजरात विधानसभा में जेल में बंद आसाराम का मुद्दा आते ही कांग्रेस व भाजपा विधायक आपस में भिड़ गए थे।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात विधानसभा में हंगामा करने के बाद पूरे साल के लिए सदन से निलंबित कांग्रेस के दो विधायकों को लेकर सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच सहमति बन गई है। दोनों का निलंबन सत्र समाप्ति तक सीमित किया जा सकता है, भाजपा व कांग्रेस नेताओं के बीच इस मुद्दे पर एकराय बनने के बाद सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष इस पर अंतिम निर्णय देंगे।
गुजरात विधानसभा में बजट सत्र की चर्चा के दौरान दुष्कर्म मामले में जेल में बंद आसाराम का मुद्दा आते ही कांग्रेस व भाजपा विधायक आपस में भिड़ गए थे। कांग्रेस विधायक प्रताप दूधात व अमरीश डेर पर भाजपा विधायक पर हमला व गालीगलौज करने का आरोप लगा, जिसके बाद उनके इस आचरण के लिए विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्रसिंह त्रिवेदी ने उन्हें एक साल के लिए सत्र से निलंबित कर दिया था।
त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस विधायकों की हरकत अपराध की श्रेणी में आती है, सत्तापक्ष विनम्रता बरत रहा है फिर भी उन्होंने सत्तापक्ष के सदस्य पर हमला किया। जामनगर विधायक विक्रम माडम को दो दिन के लिए निलंबित किया गया था, नेता विपक्ष परेश धनानी व अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी विधायकों की भाजपा नेताओं से चर्चा के बाद अब इन दोनों विधायकों का निलंबन भी सत्र समाप्ति के साथ खत्म हो जाने की संभावना है।