गुजरातः जमीन घोटाले में डिप्टी कलेक्टर विजय चौहाण पर बेनामी संपत्ति का मामला दर्ज
Land Scam. गुजरात में जमीन घोटाले में चोटिला के तत्कालीन डिप्टी कलेक्टर विजय चौहाण पर बेनामी संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है.
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात के सुरेन्द्रनगर जिले में 3.50 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले के मामले में भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो ने चोटिला के तत्कालीन डिप्टी कलेक्टर विजय चौहाण के खिलाफ 1.25 करोड़ की बेनामी संपत्ति का मामला दर्ज किया है। इस मामले में इससे पहले रेसिडेंट कलेक्टर, तहसीलदार , उप कलेक्टर के खिलाफ कार्रवाई हुई थी।
भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक केबी चुडासमा ने बताया सुरेन्द्रनगर जिला कलेक्टर कार्यालय में कार्यरत रेसिडेंट कलेक्टर और तहसीलदार तथा चोटिला के तत्कालीन उप कलेक्टर विजय चौहाण ने मिलकर कोर्ट के आदेश का उल्लघंन करते हुए 3.50 करोड़ रुपये का घोटाला किया है। इस मामले में उन्हें जेल भेज दिया गया था। इसके बाद उनकी संपत्ति की जांच शुरू हुई थी। उनके बैंक लॉकर सहित विविध पहलुओं की जांच शुरू हुई थी।
डिप्टी कलेक्टर विजय चौहाण 2013 से 2019 तक सरकारी सर्विस में थे। इस दौरान उनके पास 1,25,30375 रुपये की संपत्ति की जानकारी मिली। उनकी पत्नी तथा भाई के नाम पर भी स्थायी संपत्ति थी। रिश्तेदारों के पास भी बेनामी संंपत्ति मिली है।