जीजा ने गर्भवती साली पर फेंका एसिड, गिरफ्तार
Acid Attack. ससुराल पहुंचे एक व्यक्ति ने अपनी ही 26 वर्षीय साली पर एसिड फेंक दिया, जिससे वह जख्मी हो गई।
अहमदाबाद, जेएनएन। नाराज पत्नी को मनाने के बहाने ससुराल पहुंचे एक व्यक्ति ने अपनी ही 26 वर्षीय साली पर एसिड फेंक दिया, जिससे वह जख्मी हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पेट में तीन महीने का गर्भ है। उसे उपचार के लिए एलजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना अहमदाबाद के खोरखा थाना क्षेत्र की है। खोखरा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक एचडी झाला ने बताया कि आरोपित हीरा मफतभाई नाडिया अमराईवाडी के नाडियावास लाला बंगला का रहने वाला है। उसने पीड़िता की बड़ी बहन से प्रेम विवाह किया था। आरोपित अवैध रूप से शराब लाकर बेचता था। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता रहा था। इससे तंग आकर वह अपने पिता के घर आ गई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपित हीरा नाडिया गुरुवार सुबह खोखरा क्षेत्र में स्थित नेशनल पार्क मे अपने ससुराल पहुंचा था।
इस दौरान उसकी साली कपड़े धो रही थी। आरोपित ने घर के बाहर से पत्नी के बारे में पूछा, लेकिन पीड़िता ने कुछ जवाब नहीं दिया। जिससे गुस्से में आकर उसने अपने एक्टिवा में रखा एसिड उस पर फेंक दिया और फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों सहित आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस को सूचना देने के बाद पीड़िता को उपचार के लिए एलजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के हाथ और चेहरे का कुछ हिस्सा झुलस गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, उसकी हालत ठीक है। आरोपित अमराईवाड़ी क्षेत्र का कुख्यात बुटलेगर है और शराब के हेराफेरी के मामले में कई बार जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ घंटों बाद ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।