गुजरात में कांग्रेस के एक और वरिष्ठ नेता ने दिखाए बगावती तेवर
सौराष्ट्र जामनगर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता विधायक विक्रम माडम ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस के पास उनके सवालों के जवाब नहीं है।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सौराष्ट्र जामनगर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता विधायक विक्रम माडम ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस के पास उनके सवालों के जवाब नहीं है। माडम ने भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं को भी खारिज कर दिया है।
गौरतलब है कि सौराष्ट्र से कोली पटेल समाज के नेता कुंवरजी बावलिया हाल ही में कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा ने उन्हें कैबिनेट मंत्री भी बना दिया। इसके बाद कई कांग्रेसी दिग्गजों के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लग रही थी। माडम लंबे समय से नाराज चल रहे हैं, उन्हें भी नेता विपक्ष या प्रदेश अध्यक्ष पद का दावेदार माना जा रहा था लेकिन दोनों पदों पर युवा चेहरों के आ जाने से माडम सहित कई वरिष्ठ नेताओं को खटक रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी के हटने का इंतजार कर रहे कुछ नेताओं को उम्मीद थी कि नया अध्यक्ष उन्हें या उनकी पसंद का नेता बनेगा, लेकिन आलाकमान ने सोलंकी के रिश्तेदार अमित चावडा को ही पसंद कर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके बाद से कांग्रेस का राजनीतिक समीकरण बिगड़ने लगा है। चूंकि सौराष्ट्र में पाटीदारों के बाद एक बड़े समुदाय कोली पटेल समाज के कुंवरजी बावलिया के चले जाने से पार्टी को झटका लगा था, अब विक्रम माडम की नाराजगी कांग्रेस के लिए नई परेशानी का सबब बन सकती है।