अपने ही आला अफसरों से खफा हैं गुजरात के मुख्य सचिव
मुख्य सचिव के आदेश के बावजूद गुजरात के कई आइएएस-आइपीएस अपनी संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक नहीं कर रहे हैं
अहमदाबाद, शत्रुघ्न शर्मा। गुजरात के मुख्यसचिव डॉ जे एन सिंह अपने ही आला अफसरों से खफा हैं, संपत्ति सार्वजनिक करने के उनके ही आदेशों की मातहत अधिकारी परवाह नहीं कर रहे हैं इसलिए अब सिंह ऐसे आइएएस, आइपीएस व आइएफएस आदि क्लास 1 व क्लास 2 अफसरों को नोटिस देकर संपत्ति सार्वजनिक करने को कहेंगे।
मुख्य सचिव के आदेश के बावजूद गुजरात के कई आइएएस-आइपीएस अपनी संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक नहीं कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने आइएएस, आइपीएस, आइएफएस यदि अधिकारियों को अपनी संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक करने का आदेश दिया था लेकिन एक हजार अधिकारियों ने मुख्य सचिव के आदेश के बाद भी संपत्ति उजागर नहीं की जिसके चलते अब उनहें नोटिस जारी किया जाएगा। मुख्य सचिव डॉ जे एन सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने अपने सभी आला अफसरों को संपत्ति की सालाना रिपोर्ट सार्वजनिक करने के निर्देश दिए थे।
गत वर्ष खुद मुख्य सचिव ने राज्य के आइएएस व आइपीएस तथा आइएफएस अधिकारियों को संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक करने को कहा था इसके लिए मुख्य सचिव ने अप्रैल की डेडलाइन भी दी थी लेकिन करीब एक हजार आइएएस, आइपीएस व आइएफएस ने अभी तकभी संपत्ति सार्वजनिक नहीं की जिससे नाराज मुख्य सचिव डॉ सिंह ने ऐसे अधिकारियों को नोटिस भेजने का फैसला किया है, डॉ सिंह ने पत्रकारों को बताया कि क्लास 1 व क्लास 2 के करीब एक हजार अधिकारी अपनी संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक नहीं कर रहे हैं। स्वच्छ व पारदर्शिता के लिए सरकार ने अधिकारियों से संपत्ति सार्वजनिक करने का आदेश जारी किया था लेकिन बड़ी संख्या में अधिकारी उसका पालन नहीं कर रहे हैं। गौरतलब है कि इन अधिकारियों में अधिकतर उनकी संख्या है जो सरकार व नेताओं के करीबी माने जाते हैं।