गुजरात भाजपा के उपाध्यक्ष जयंती भानुशाली दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद हुए भूमिगत
गुजरात भाजपा के उपाघ्यक्ष व पूर्व विधायक जयंती भानुशाली के खिलाफ कुछ और युवतियों ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
अहमदाबाद, जेएनएन। सूरत की कॉलेज छात्रा को फैशन डिजाइन में प्रवेश दिलाने के बहाने दुष्कर्म करने व अश्लील वीडियो क्लिप बनाने के मामले में पुलिस शिकायत के बाद गुजरात भाजपा के उपाघ्यक्ष व पूर्व विधायक जयंती भानुशाली के खिलाफ कुछ और युवतियों ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने उन्हें दूसरी बार समन भेजकर पुलिस थाने में हाजिर होने को कहा है, लेकिन वह भूमिगत हो गए।
गुजरात भाजपा के कद्दावर नेता जयंती भानुशाली अबड़ासा से भाजपा के विधायक रह चुके हैं। दुष्कर्म की शिकायत के बाद उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा भेज दिया, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें आरोप साबित नहीं होने तक पार्टी से नहीं निकाला है। सूरत की युवती की शिकायत पर जयंती भानुशाली भूमिगत हो गए हैं। सूरत पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संबंधित ठिकानों पर भेष बदल कर छापे मार रही है। हालांकि उनका अभी तक कोई पता नहीं चला है।
वहीं, सूरत पुलिस ने दूसरी बार अहमदाबाद में भानुशाली के निवास स्थान पर पहुंचकर दोबारा समन जा किया है। करोड़ों के बिटकॉइन कांड में फरार नलिन कोटडिया के बाद भानुशाली इस प्रकार भाजपा के दूसरे बड़े नेता हैं, जिन्हें पुलिस तलाश रही है। जयंती भानुशाली के खिलाफ कच्छ की एक युवती ने भी दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इस संबंध में उसने नखत्राणा पुलिस थाने ने शिकायत भी दर्ज करवाई है।
यह भी पढ़ेंः गुजरात के भाजपा उपाध्यक्ष के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज