गुजरात के पूर्व मंत्री मनोहर सिंह जाडेजा की अंतिम विदाई में उमड़े लोग
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पूर्व मंत्री मनोहर सिंह जाडेजा को श्रद्धांजलि दी।
अहमदाबाद, जेएनएन। राजकोट राजपरिवार के सदस्य एवं पूर्व मंत्री मनोहर सिंह जाडेजा को शहरी जनों ने शुक्रवार सुबह अंतिम विदाई दी। इससे पहले उनका शव अंतिम दर्शन के लिए रणजीत विलास पैलेस पर रखा गया। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी रामनाथ परा श्मशान पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित राजनीति, उद्योग व विविध जगत क्षेत्रों की हस्तियों ने शोक जताया।
जाडेजा का 83 वर्ष की उम्र में गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। राजकोट के रणजीत विलास पैलेस से सुबह जाडेजा की अंतिम यात्रा निकली, पुलिस बैंड की धुनों के बीच निकली उनकी अंतिम यात्रा के दर्शन के लिए शहरवासी बडी संख्या में उमडे। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने श्मशान पहुंचकर जाडेजा को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले उनकी पत्नी अंजली रूपाणी, शिक्षामंत्री भूपेंद्र सिंह चूडास्मा, राजकोट सांसद मोहन कुंडारिया, भाजपा सांसद गोविंद पटेल आदि ने उनको श्रद्धांजलि दी। जाडेजा को टेनिस व क्रिकेट का काफी शौक था। वे चार बार विधायक चुने गए तथा राज्य सरकार में वित्तमंत्री भी रहे।
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि मनोहर सिंह जाडेजा एक उच्च आदर्श वाले व्यक्ति थे, लोकतंत्र व संसदीय मामलों में उन्होंने प्रेरणादायक काम किया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि उन्होंने अपना एक अभिभावक खोया है, जिन्हें देखकर राजनीति, संसदीय मान मर्यादा के सबक सीखे आज वे हमारे बीच नहीं रहे। गोहिल ने कहा कि मनोहर सिंह ही उनके राजनीतिक गुरु थे।
रामनाथ परा श्मशान पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुत्र मान्धाता सिंह जाडेजा का दाहसंस्कार दिया। पुलिस के जवानों ने नौ बंदूकों से गोली चलाकर उनका सलामी दी।