गुजरात में ये नेता बने कांग्रेस के स्टार कैंपेनर
Congress. लोकसभा चुनाव के लिए गुजरात कांग्रेस की चुनाव प्रचार समिति ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को बतौर स्टार कैंपेनर चुना है।
अहमदाबाद, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के लिए गुजरात कांग्रेस की चुनाव प्रचार समिति ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह, महासचिव प्रियंका वाड्रा गांधी तथा राजस्थान व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को बतौर स्टार कैंपेनर चुना है। बैठक में प्रदेश आलाकमान से नाराज विधायक अल्पेश ठाकोर भी शामिल हुए।
गुजरात कांग्रेस की लोकसभा चुनाव प्रचार समिति की वरिष्ठ नेता सिद्वार्थ पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक हुई। इसमें समिति संयोजक विधायक अल्पेश ठाकोर, विधायक सी जे चावडा, पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर, प्रदेश प्रवक्ता जयराज सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल हुए। समिति ने लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सहित पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, ज्योतिरादित्य सिंह, पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित सहित 40 नेताओं को बतौर स्टार कैंपेनर चुना है।
प्रवक्ता जयराज सिंह ने बताया कि राहुल गांधी 14 फरवरी को वलसाड के धरमपुर से चुनाव प्रचार का श्रीगणेश करेंगे। इसके बाद प्रियंका गांधी के महिला सम्मेेेलन में शिरकत करने की संभावना है। कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को लोकसभा चुनाव की दावेदारी से इनकार कर दिया है, इसलिए माना जा रहा है कि नए व पुराने चेहरे ही मैदान में होंगे।