गुजरात में जनजागरण अभियान चलाएगी समाजवादी पार्टी
दयाराम यादव के मुताबिक, समाजवादी पार्टी लोकसभा के आगामी चुनाव में गुजरात में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर गुजरात मॉडल का पर्दाफाश करेगी।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात मॉडल केवल भ्रामक प्रचार है। यहां ढांचागत सुविधाओं का अभाव है। बेरोजगारी और गरीब भी चरम पर है। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार हर मोर्चे पर असफल है। समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार की असफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गुजरात में जनजागरण अभियान चलाएगी। लोकसभा के आगामी चुनाव में गुजरात में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर गुजरात मॉडल का पर्दाफाश करेगी। गुजरात दौरे पर यहां आए समाजवादी पार्टी के पर्यवेक्षक दयाराम यादव ने बुधवार को यह बात कही।
उन्होंने पत्रकारवार्ता में भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सभी वादों से मुकर गए हैं, न बेरोजगारों को काम मिला और न ही महंगाई पर लगाम लगी। किसानों को उनकी पैदावार के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं। फसल बीमा योजना की असफलता और खेती की लागत बढ़ने से किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हैं। पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ते रहने से आम आदमी महंगाई से त्रस्त है।
गुजरात मॉडल का उल्लेख कर यादव ने कहा कि यह केवल मार्केटिंग है। मैंने गुजरात के सीमाई गांव का दौराकर ग्रामीणों की आर्थिक हालात को करीब से देखा है। मैंने गरीबी में लिप्त बच्चे और चौथी पास युवकों को देखा है। यहां 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा खोखला है। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिलती।
उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी सरकार की असफलताओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए जन जागरण अभियान चलाएगी। समाजवादी पार्टी लोकसभा के चुनाव में अपना प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। बैकों के विलीकरण के बारे मे पूछे गए एक सवाल के उत्तर में उन्होंने कहा कि एनपीए कम करने के लिए ही यह सब किया गया है। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता डीएस यादव ने भी सरकार की असफलता का उल्लेखकर भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई।