गुजरात में बाढ़ से मूंगफली और कपास की फसल को नुकसान
सौराष्ट्र क्षेत्र के मूंगफली और कपास उत्पादक प्रमुख जिलों में बाढ़ से फसल को 45 से 50 फीसदी तक नुकसान पहुंचने का अनुमान बताया जा रहा है।
अहमदाबाद, एजेंसी। सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात में भारी बारिश से मूंगफली, कपास और दलहन की खरीफ फसलों को नुकसान पहुंचा है। सौराष्ट्र क्षेत्र के मूंगफली और कपास उत्पादक प्रमुख जिलों में बाढ़ से फसल को 45 से 50 फीसदी तक नुकसान पहुंचने का अनुमान बताया जा रहा है। इससे पहले देरी से मॉनसून आने और पानी की किल्लत के कारण किसानों को खरीफ फसलों की बुआई कम और देरी से करने के लिए बाध्य होना पड़ा था।
अब सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात क्षेत्रों में भारी बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। इन क्षेत्रों के किसानों के मुताबिक हाल में भारी बारिश से सौराष्ट्र के कई जिलों में खेतों मे पानी जमा हो गया है। पूरे राज्य में अभी तक मॉनसून सामान्य से केवल 45 से 55 फीसदी अधिक है, जबकि सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात क्षेत्र में यह सामान्य से बहुत अधिक है।
सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है, वहीं उत्तरी गुजरात में बारिश की कमी है। इस क्षेत्र में अब तक सामान्य से 20 फीसदी कम बारिश हुई है, इसलिए यहां इस खरीफ सीजन में बुआई रफ्तार नहीं पकड़ पाई है। उत्तरी गुजरात को अरंडी, जीरा, ग्वार और बाजरा व ज्वार जैसे खाद्यान्नें के लिए जाना जाता है।