गुजरात में भाजपा का शतक पूरा, जसदण उपचुनाव में कुंवरजी बावलिया की जीत
Jasdan assembly by poll result. गुजरात की जसदण विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी कुंवरजी बावलिया 19985 मतों से जीत गए हैं।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात की जसदण सीट पर हुए उपचुनाव में जीत के साथ ही विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या 100 हो गई है। भाजपा प्रत्याशी कुंवरजी बावलिया ने कांग्रेस उम्मीदवार अवसर नाकिया को 19985 मतों से परास्त किया। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि तीन राज्यों में जीत के बाद कांग्रेस नेता अतिउत्साह में गलतबयानी करने लगे थे।
राजस्थान, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ सहित पांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद गुजरात कांग्रेस को जसदण सीट पर भी जीत की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ को ढ़हाकर इस सीट पर जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी कुंवरजी बावलिया को 90 हजार 268 मत मिले, जबकि कांग्रेस के अवसर नाकिया को 70 हजार 283 मत मिले। बावलिया ने इस जीत को जसदण की जनता की जीत बताया है, वहीं उनकी पत्नी ने कहा कि उनका परिवार जसदण व विंछीया के लोगों की सेवा करता रहेगा।
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि तीन राज्यों में जीत के बाद कांग्रेस नेता अतिउत्साह में वाणी विलास करने लगे थे, लेकिन जसदण की जनता ने परिपक्वता बताते हुए कांग्रेस के इस गढ में भाजपा का कमल खिलाया है। रूपाणी ने कहा बावलिया ने गत चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़कर करीब नौ हजार मत से जीत दर्ज की, लेकिन इस बार भाजपा के चिन्ह पर लड़कर करीब 20 हजार मतों से विजेता बने। रूपाणी ने कांग्रेस पर गरीब व किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा में भाजपा की सदस्य संख्या अब तीन अंक में हो गई है। गत विधानसभा चुनाव में भाजपा 99 सीट पर अटक गई थी लेकिन अब भाजपा का शतक पूरा हो गया।
रूपाणी ने कहा गुजरात में भाजपा 22 साल से सत्ता में है तथा जनता ने 27 वर्ष तक का जनादेश दिया हुआ है। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा एकबार फिर सभी 26 सीट पर जीत दर्ज करेगी। उधर, भाजपा अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी ने कहा कि जसदण का चुनाव परिणाम कांग्रेस के लिए सबक है, तीन राज्यों में जीत के बाद गुजरात की जनता ने कांग्रेस को अपना जवाब दे दिया है। रूपाणी व वाघाणी चुनाव परिणाम के बाद भाजपा के विजयी जश्न में भी शामिल हुए।
दोनों नेता पार्टी कार्यालय से सीधे जसदण में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढाने पहुंचे। गुजरात सरकार में जलापूर्ति मंत्री कुंवरजी बावलिया ने नेता विपक्ष का पद नहीं मिलने से नाराज होकर जुलाई 2018 में ही कांग्रेस को छोड दिया था। भाजपा ने उन्हें अपनी पार्टी में शामिल करने के साथ ही कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे दिया था। मंत्री पद बरकरार रखने के लिए बावलिया के लिएयह चुनाव जीतना आवश्यक था।