जानिए, पिता ने क्यों रची बेटे को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश
जय ने पिता की महिला मित्र की संदिग्ध हरकतों के बाद उस युवती के इरादे व पिता की चाल को समझकर इसके बारे में जूनागढ़ सी डिवीजन पुलिस को सूचित किया।
शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। संपत्ति में हिस्सा नहीं देना पड़े इसलिए एक पिता ने अपने ही पुत्र को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश रची। पुत्र ने लड़की के मायाजाल में फंसने के बजाए उसकी साजिश की भनक लगते ही पुलिस को सूचित कर दिया, जिससे मामले का खुलासा हुआ।
जूनागढ़ के राजेंद्र मावदिया का पत्नी से कई वर्ष से झगड़ा चल रहा है, पत्नी अपने पुत्र जय के साथ 12 साल से अलग रह रही है। मावडिया की जूनागढ़, गुजरात के अन्य शहर के अलावा अफ्रीका में भी करोड़ों की संपत्ति है। जय बालिग होने के बाद जब पिता से संपत्ति में हिस्सा मांगने लगा तो पिता राजेंद्र ने उसे कानूनी मामले में फंसाने की साजिश रची, ताकि उसे संपत्ति में हिस्सा नहीं देना पड़े। उसने दो अन्य साथी व एक महिला मित्र के साथ मिलकर जय को हनीट्रैप में फंसाने की योजना बनाई।
राजेंद्र ने इसके लिए अपनी महिला मित्र को काम सौंपा, एक युवती ने जय के साथ दोस्ती कर उसके साथ संबंध बनाने का प्रयास किया, ताकि वह उसे बाद में ब्लैकमेल कर सके। जय ने पिता की महिला मित्र की संदिग्ध हरकतों के बाद उस युवती के इरादे व पिता की चाल को समझकर इसके बारे में जूनागढ़ सी डिवीजन पुलिस को सूचित किया।
पुलिस निरीक्षक डीके वाघेला ने बताया कि राजेंद्र मावदिया ने पत्नी व पुत्र को हिस्सा नहीं देना पड़ इसके लिए जय को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश रची थी। जय की सावधानी से वह पिता की साजिश का शिकार होने से बच गया। पुलिस ने राजेंद्र मावडिया, उसकी महिला मित्र व दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।