Gujarat: गांधीनगर मुख्यमंत्री कार्यालय में आठ कर्मचारी कोरोना संक्रमित
Coronavirus गुजरात में गांधीनगर मुख्यमंत्री कार्यालय में भी आठ कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। भाजपा प्रवक्ता भरत पंड्या सहित सात पहले ही संक्रमित हो चुके हैं।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Coronavirus: कोरोना महामारी के बीच गुजरात के कई इलाकों में रैली व सभा करने के चलते जहां भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल खुद कोरोना संक्रमित हो गए, वहीं गांधीनगर मुख्यमंत्री कार्यालय में भी आठ कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। भाजपा प्रवक्ता भरत पंड्या सहित सात पहले ही संक्रमित हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस ने वलसाड में अपनी प्रदेश कार्यकारिणीकी बैठक रखी है। भाजपा अध्यक्ष पाटिल गांधीनगर के अपोलो अस्पताल में कोरोना के क्रिटीकल वार्ड में मंगलवार से भर्ती हैं, उनके पुत्र ने सोशल मीडिया पर उनके संक्रमित होने की पुष्टि भी की है। हालांकि अधिकारिक रूप से उनके कोरोना संक्रमण की घोषणा नहीं की गई है।
पाटिल के आगामी सभी कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। बीते दो दिनों में गांधीनगर मुख्यमंत्री कार्यालय व सचिवालय के 729 कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट किया गया, जिसमें से आठ संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले भाजपा कार्यालय में पार्टी प्रवक्ता भरत भाई पंड्या, कार्यालय सचिव परेश पटेल सहित सात लोग भी संक्रमित पाए गए थे। इसके बावजूद कांग्रेस ने वलसाड के पारडी गांव में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन किया है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष अमित चावडा, कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल, नेता विपक्ष परेश धनाणी व कार्यकारिणी सदस्य शामिल होंगे।
गौरतलब है कि गुजरात भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष चंद्रकांत रघुनाथ पाटिल पार्टी की कमान संभालने के बाद से लगातार जनसंपर्क पर थे। दक्षिण गुजरात के साथ वे अब तक सौराष्ट्र, उत्तर गुजरात सहित राज्य के अन्य कई शहर व गांवों में भी रैली, सभा व नेता व कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर चुके हैं। पाटिल की इन यात्राओं को लेकर राजनीतिक गलियारों व सोशल मीडिया में खूब टीका टिप्पणी भी हो रही थी। कोरोना महामारी के बीच हजारों कार्यकर्ताओं के बीच जनसंपर्क व रैली निकालने के लिए पाटिल को भी आड़े हाथ लिया जा रहा था। इधर, प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।