Gujarat Weather: गुजरात में शीतलहर जारी, तापमान में भारी गिरावट
Gujarat Weather मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों तक बनासकांठा आणंद राजकोट अमरैली और कच्छ शीतलहर की चपेट में रहेगा।
अहमदाबाद, गुजरात में ठंड चरम पर है। यहां शीत लहर के कारण पांच शहरों का तापमान दो दिन में 10 डिग्री से भी नीचे चला गया है। नलिया का तापमान गिरकर 3.6 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं अहमदाबाद में भी शीतलहर चलने से ठिठुरन बढ़ गयी है। यहां तापमान 11.6 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों तक बनासकांठा, आणंद, राजकोट, अमरैली और कच्छ शीतलहर की चपेट में रहेगा।
राज्य के नलिया में सबसे कम 3.6 डिग्री तापमान दर्ज किया है। संभावना है कि अगले तीन दिनों तक यहां का तापमान पांच डिग्री तक रहेगा। अहमदाबाद में दिन में 25.8 डिग्री तथा रात में तापमान गिरकर 11.6 डिग्री तक पहुंच गया। यहां लोगों को सुबह और रात में ठंड और दोपहर में गर्मी का अहसास हो रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि गुजरात में अगले दो-तीन दिनों ठंड बढ़ने वाली है। अधिकांश के शहरों में तापमान 3 डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि मौसम की जानकारी देनेवाली निजी संस्था ने कहा कि अहमदाबाद में अगले तीन दिनों तक दिन का तापमान तकरीबन 12 डिग्री के आसपास रहेगा। अहमदाबाद, नलिया, डीसा, भुज कंडला, अमरैली, केशोद, दीव, गांधीनगर , राजकोट, सुरेन्द्रनगर में लघुतम तापमान 13 डिग्री से भी नीचे रहने की संभावना है।