जसदण उपचुनाव में भाजपा की जीत पर रूपाणी बोले, जनता ने परिपक्वता का परिचय दिया
सीएम विजय रूपाणी ने कांग्रेस पर गरीब व किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विस में भाजपा की सदस्य संख्या अब तीन अंक में हो गई।
अहमदाबाद, राज्य ब्यूरो। गुजरात की जसदण सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी कुंवरजी बावलिया की जीत पर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि तीन राज्यों में जीत के बाद कांग्रेस नेता अति उत्साह में ज्यादा ही बोलने लगे थे, लेकिन जसदण की जनता ने परिपक्वता का परिचय देते हुए कांग्रेस के इस गढ़ में भाजपा का कमल खिलाया।
रूपाणी ने कांग्रेस पर गरीब व किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा में भाजपा की सदस्य संख्या अब तीन अंक में हो गई है। गत विधानसभा चुनाव में भाजपा 99 सीट पर अटक गई थी, लेकिन अब भाजपा का शतक पूरा हो गया। रूपाणी ने कहा गुजरात में भाजपा 22 साल से सत्ता में है तथा जनता ने 27 वर्ष तक का जनादेश दिया हुआ है।
आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर सभी 26 सीट पर जीत दर्ज करेगी। चुनाव परिणाम के बाद मुख्यमंत्री रूपाणी और भाजपा अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी विजयी जश्न में भी शामिल हुए। दोनों नेता पार्टी कार्यालय से सीधे जसदण में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने पहुंचे।
कुंवरजी बावलिया ने इस जीत को जसदण की जनता की जीत बताया
गुजरात की जसदण सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी कुंवरजी बावलिया ने कांग्रेस उम्मीदवार अवसर नाकिया को 19,985 मतों से परास्त कर दिया। जीत के साथ ही 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या जहां 100 हो गई, वहीं कांग्रेस के विधायकों की संख्या एक घटकर 76 हो गई है। बता दें कि बावलिया ने विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने करीब नौ हजार मतों से जीत दर्ज की थी। हालांकि नेता विपक्ष का पद नहीं मिलने से नाराज होकर जुलाई 2018 में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा ने उन्हें पार्टी में शामिल करने के साथ ही जलापूर्ति मंत्री बना दिया था। मंत्री पद बरकरार रखने को उनके लिए यह चुनाव जीतना आवश्यक था।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित पांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद गुजरात कांग्रेस को जसदण सीट पर भी जीत की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ को ढहाकर इस सीट पर जीत दर्ज की। 20 दिसंबर को हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी कुंवरजी बावलिया को 90,268 मत मिले जबकि कांग्रेस के अवसर नाकिया को 70,283 मत मिले। कुल 71.28 फीसद मतदान में 2,146 वोट नोटा के हिस्से में गए। बावलिया ने इस जीत को जसदण की जनता की जीत बताया है।