Gujarat: CM भूपेंद्र पटेल ने भाजपा को दी जीत की बधाई, तीन सीट कम रह गई की बात पर छूटे हंसी के फव्वारे
Gandhinagar Nagar Nigam Result गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भाजपा को जीत की बधाई देते हुए कहा कि कार्यकर्ता पूरे साल लोगों की मदद के लिए तैयार रहते हैं। मुख्यमंत्री ने जीत के लिए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा 3 सीट कम रह गई।
गांधीनगर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि भाजपा चुनावलक्षी पार्टी नहीं है वह पूरे समय जनता की सेवा करने में विश्वास करती है। भाजपा कार्यकर्ता पूरे साल लोगों की मदद के लिए तैयार रहते हैं तथा पार्टी के बड़े नेता से लेकर जमीन से जुड़े सामान्य कार्यकर्ता सब समान भाव से एक साथ मिलकर काम करते हैं। मुख्यमंत्री ने जीत के लिए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि जब चुनाव परिणाम आए तो पाटिल ने कहा कि 3 सीट कम रह गई, भाजपा ने 44 में से 41 सीट पर जीत दर्ज कर ली लेकिन यह तीन कैसे कम रह गई इसी बात पर यहां मौजूद पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं में हंसी के फव्वारे छूट गये।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल ने कहा कि जो गरजे वह बरसे नहीं। महानगरपालिका के साथ जिला व तहसील पंचायत तथा नगर पालिका चुनाव में भी गुजरात की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत दिया है। भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। भाजपा कार्यकर्ता सत्ता को सेवा का साधन मानता है और इसी ध्येय के साथ उन्होंने इस चुनाव में भी प्रचार व जनसंपर्क का काम किया। कार्यकर्ताओं के कारण भाजपा की भव्य जीत हुई, इन चुनाव परिणामों से स्पष्ट हो गया कि गुजरात में तीसरी पार्टी का कोई स्थान नहीं है।