भाजपा सांसद प्रभात सिंह चौहाण बोले, संसद भवन को दिल्ली से दूर ले जाना चाहिए
Prabhat Singh Chauhan. भाजपा सांसद प्रभात सिंह चौहाण ने कहा है कि संसद भवन को दिल्ली से दूर ले जाना चाहिए।
अहमदाबाद, जेएनएन। अपने विवादित बयानों के लिए मशहूर गुजरात के पंचमहाल जिले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रभात सिंह चौहाण ने एक बार फिर विवादित बयान देते हुए कहा है कि संसद भवन को दिल्ली से दूर ले जाना चाहिए। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के चलते उन्होंने यह बात कही है।
गोधरा में शनिवार को स्वास्थ्य संबंधित एक कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा के सांसद प्रभात सिंह चौहाण ने कहा कि दिल्ली में चारों तरफ धूल ही धूल है। वहां की दशा-दिशा के बारे में कुछ पता नहीं चलता। दिल्ली में ऑक्सीजन नहीं है। लोगों को सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। ऐसे में दिल्ली में स्थित संसद भवन में भी जाना जोखिम उठाने जैसा है। उन्होंने कहा कि इसके कारण कई सांसद बीमार हो गए है। सरकार को इस पर गंभीरता से विचार कर संसद को दिल्ली से दूर ले जाना चाहिए।
गौरतलब है कि अपने विवादित बयानों के लिए मशहूर सांसद प्रभात सिंह चौहाण हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। उन्होंने गत वर्ष एक विवादित बयान दिया था कि शराब के बिना चुनाव नहीं जीता जा सकता है। चुनाव जीतने के लिए लोगों को शराब बांटनी पड़ती है। भाजपा ने उन्हें 2009 के लोकसभा चुनाव में शंकर सिंह वाघेला के खिलाफ हारने के लिए भेजा था। लेकिन मैं चुनाव जीत गया।