Gujarat: अहमदाबाद से केवड़िया के बीच सीप्लेन सेवा दो सप्ताह के लिए बंद
Gujarat अहमदाबाद से केवड़िया के बीच सी प्लेन शुरू करने वाली कंपनी स्पाइस शटल ने अपने वेबसाइट पर सेवा बंद होने की जानकारी दी है। विमान की हर दूसरे दिन जांच तो अहमदबाद में ही की जाती थी लेकिन हाल सर्विस स्टेशन शुरू नहीं हो पाया है।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात में अहमदाबाद से केवड़िया के लिए शुरू की गई सी प्लेन सेवा दो सप्ताह के लिए बंद कर दी गई है। विमान को सर्विस के लिए मालदीव भेजा गया है। इस विमान के वापस आने तक यह सेवा बंद रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 31 अक्टूबर को इस सेवा की शुरुआत की थी। अहमदाबाद से केवड़िया के बीच सी प्लेन शुरू करने वाली कंपनी स्पाइस शटल ने अपने वेबसाइट पर सेवा बंद होने की जानकारी दी है। इ, विमान की हर दूसरे दिन जांच तो अहमदबाद में ही की जाती थी, लेकिन हाल सर्विस स्टेशन शुरू नहीं हो पाया है। यहां पर्याप्त मैकेनिक नहीं होने के कारण 10 दिन की सर्विस के लिए मालदीव भेजा गया है। सी प्लेन एयरपोर्ट निदेशक अजय चौहान ने बताया कि करीब 15 दिन बाद ही सी प्लेन सेवा शुरू हो पाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सेवा की शुरुआत की थी। गुजरात में सी प्लेन की सेवा पहली बार शुरू हुई है। इस सेवा का अब तक 800 यात्री लाभ ले चुके हैं।
अहमदाबाद रिवरफ्रंट से केवडिया के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और केवडिया से वापस रिवरफ्रंट का कुल किराया 3000 रुपये है। 30 अक्टूबर से ऑनलाइन टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है। देश की एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट रोजाना दो उड़ानों का संचालन करेगी। ये उड़ान सेवाएं अहमदाबाद से केवडिया रूट के लिए होंगी। सी-प्लेन के लिए टिकट की बुकिंग स्पाइस शटल की वेबसाइट से की जा सकती है। सी-प्लेन का ट्रायल वर्ष 2017 से चल रहा है। पहले चरण के तहत जमीन से उड़ान भरने वाले विमानों का ट्रायल नागपुर से गुवाहाटी के बीच किया गया। दूसरे चरण के तहत एंफीबियस विमान का ट्रायल गिरगांव चौपाटी पर किया गया। इस प्रकार के विमान धरती और पानी दोनों से उड़ान भरने व लैंडिंग में सक्षम हैं। स्पाइसजेट अब तक 18 सी-प्लेन रूट का अधिकार हासिल कर चुकी है।