दुबई से लाया गया 100 किलो सोना बरामद
Gold recovered. पुलिस ने दुबई से लाया गया 100 किलो सोना बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जामनगर, जेएनएन। मुंबई में दी गई दबिश से मिले सुराग के आधार पर डीआरआई एवं अन्य एजेंसियों ने गुजरात के जामनगर में छापा मारकर दुबई से पीतल के कबाड़ के नाम पर लाया गया 100 किलो सोना बरामद कर लिया। अधिकारियों ने कारखाने के बाद कारखाने मालिक के घर पर भी छापा मारा।
जामनगर के दरेड़ जीआईडीसी फेज- 2 में पीतल का कुल पुर्जा बनाने वाला कारखाना है। डीआरआई को जानकारी मिली थी कि कारखाना मालिक पीतल के कबाड़ के साथ ही दुबई से सोने की तस्करी भी करता है। इस जानकारी के आधार पर मुंबई डीआरआई एवं अन्य एजेंसियों ने कल देर शाम दबिश देकर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान अधिकारियों ने जामनगर के इस कारखाना मालिक की कार का पीछा कर कागजात बरामद कर लिए। इससे साबित हो गया कि यह पीतल के कबाड़ के साथ सोने के बिस्कुट की भी तस्करी करता हैं। इसके बाद कारखाने में मारे गए छापे के दौरान पीतल के कबाड़ के कंटेनर में छिपाया गया 100 किलो सोने के बिस्कुट बरामद कर लिए।
डीआरआई ने गुरुवार को छापा मारकर मुंबई से 110 किलो सोना बरामद कर सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इन लोगों ने बताया कि वे दुबई से सोना लाकर बाजार में बिक्री कर देते है। सूत्रों की मानें तो यहां मिली जानकारी के आधार पर ही गुजरात के जामनगर में दबिश देकर 100 किलो सोने के बिस्कुट बरामद किए।