FIFA: रूस के पहले गोल पर राष्ट्रपति पुतिन ने किया कुछ ऐसा, वायरल हुआ VIDEO
रूस ने इस मैच में पांच गोल दागे और इस विश्व कप का पहला गोल मैच के 12वें मिनट में किया गया।
नई दिल्ली, जेएनएन। फुटबॉल विश्व कप 2018 का आगाज़ शानदार रहा। पहले मैच में मेजबान रूस ने सऊदी अरब को 5-0 से मात देकर जीत के साथ शुरुआत की। रूस की इस जीत के साथ ही मेजबान टीम के उद्घाटन मुकाबला नहीं हारने का रिकॉर्ड भी बरकरार रहा। इस मैच के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी मैदान में मौजूद थे। पुतिन ने ओपनिंग सेरेमनी के दौरान दर्शकों को संबोधित भी किया था। वहीं इस मैच को देखने के लिए सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान भी मौजूद थे।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने एक साथ बैठकर मैच का लुत्फ उठाया। इन दोनों के बीच में इस मैच में फीफा के अध्यक्ष जियानी इंफेनटीनो बैठे हुए थे। इस मुकाबले में रूस ने पांच गोल दागे लेकिन जब मेजबान की तरफ से मैच के 12वें मिनट में पहला गोल किया गया तब पुतिन ने गजब का रिएक्शन दिया और करीब बैठे साऊदी क्राउन प्रिंस से हाथ भी मिलाया। पुतिन ने इस तरह का रिएक्शन दिया जैसे वो ये कहना जाह रहें हो कि- ये तो हमारे बाएं हाथ का खेल था।
(देखिए, पहले गोल के बाद पुतिन का रिएक्शन)
Putin's reaction to all 5 goals #WorldCupRussia2018 pic.twitter.com/O8RJXaCJVb — Sofia Grayevsky (@sogray3) June 14, 2018
ऐसे हारा सऊदी अरब
सऊदी अरब का डिफेंस अच्छा नहीं रहा और खिलाडि़यों के बीच तालमेल भी ठीक नहीं दिखा। रूस ने काउंटर अटैक में गोल किए और उसके स्थानापन्न खिलाडि़यों ने मैच में आते ही जलवा दिखाया। रूस के लिए डेनिस चेरिशेव ने सर्वाधिक दो गोल दागे जबकि यूरी गाजिंस्की, आर्टम डज्यूबा और गोलोविन ने एक-एक गोल दागे।
मैच की शुरुआत से ही रूस की टीम हावी हो गई और आक्रामक शैली में खेली। रूस ने ज्यादातर काउंटर अटैक किया। सऊदी अरब के खिलाडि़यों ने पास ढंग से नहीं किए जिसका फायदा मेजबानों ने उठाया।पहला गोल यूरी गजिंस्की ने 12वें मिनट में रूस के लिए किया। बायें ओर से एलेक्जेंडर गोलोविन ने गेंद को हवा में सीधा डी के अंदर पहुंचा दिया और सऊदी अरब के डिफेंडर के गिरने से वहां यूरी को गोल करने का मौका मिला। उन्होंने हेडर के जरिये विश्व कप का पहला गोल दागा।
31वें मिनट में सऊदी अरब के मुहम्मद अल-सहलावी ही एकमात्र अटैक करने में सफल रहे। इसके बाद सऊदी अरब के दो डिफेंडरों की गलती के कारण रूस को एक और गोल मिला। डिफेंडर मुहम्मद अल ब्राइक और ओमर हवस्वी रूसी स्थानापन्न खिलाड़ी डेनिस चेरिशेव को रोकने की कोशिश में गलत टेकल किया लेकिन डेनिस ने मुस्तैदी से गेंद को अपने कब्जे में रखा और 15 गज से गेंद को गोल पोस्ट में डाला। इस तरह रूस पहले हाफ में 2-0 से आगे हो गया।
हैमस्ट्रिंग के कारण बाहर गए एलन जागोएव की वजह से चेरिशेव को उतारा गया था और उन्होंने आते ही गोल दाग दिया।दूसरे हाफ का मैच मिडफील्ड में ज्यादा खेला गया। 68वें मिनट में रूसी कोच स्टानिसलाव चेरसेसोव ने एक परिवर्तन करते हुए फ्योदोर स्मोलोव की जगह आर्टम को मैदान में भेजा और उन्होंने 71वें मिनट में गोल कर टीम का स्कोर 3-0 कर दिया।
इस दौरान रूस के गोलोविन को इस विश्व कप का पहला येलो कार्ड दिखाया गया। इसके बाद चेरीशेव ने इंजुरी टाइम (90+1वें मिनट) में बायें पैर से गेंद को फ्लिक किया। गोलकीपर थोड़े आगे थे और उसका फायदा उठाते हुए चेरीशेव चतुराई भरा गोल किया। अंतिम क्षणों में सऊदी अरब के तैसीर अल-जस्सिम के गलत टैकल करने से रूसी को फ्री किक मिली जिससे गोलोविन (90+4वां मिनट) ने बहुत ही शानदार गोल करके टीम की जीत का अंतर 5-0 कर दिया। उन्होंने दायें पैर से 19 गज की दूरी से गोल दागा जिसे गोलकीपर नहीं रोक पाए।