2030 फीफा विश्व कप: क्या मोरक्को के साथ मिलकर मेजबानी करेंगे स्पेन और पुर्तगाल?
सांचेज ने कहा कि मैंने मोरक्को की सरकार के सामने स्पेन और पुर्तगाल के साथ 2030 विश्व कप की संयुक्त मेजबानी की बात रखी।
नई दिल्ली, जेएनएन। स्पेन और पुर्तगाल, मोरक्को के साथ मिलकर 2030 फीफा विश्व कप की मेजबानी की दावेदारी पेश करने के बारे में विचार कर रहे हैं। इस बात की जानकारी स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने सोमवार को दी। सांचेज मोरक्को की राजधानी रबाट पहुंचे हुए थे और उन्होंने मोरक्को के प्रधानमंत्री सादेदीन अल ओथमानी और किंग मुहम्मद से मुलाकात करके विश्व कप की दावेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की।
सांचेज ने कहा कि मैंने मोरक्को की सरकार के सामने स्पेन और पुर्तगाल के साथ 2030 विश्व कप की संयुक्त मेजबानी की बात रखी। मोरक्को के किंग इसको लेकर आशावादी हैं और हम पुर्तगाल के साथ भी इस पर बात करेंगे। हम इसको लेकर बहुत रोमांचित हैं।
2010 के विश्व चैंपियन स्पेन ने 1982 में फुटबॉल के महाकुंभ की मेजबानी की थी। पुर्तगाल के साथ मिलकर उसने 2018 विश्व कप की मेजबानी की दावेदारी भी पेश की थी, लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली थी। वहीं पुर्तगाल अब तक विश्व कप की मेजबानी नहीं कर सका है। मोरक्को ने 2026 विश्व कप की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश की थी, लेकिन उसे भी कामयाबी नहीं मिली थी।