विश्व कप क्वालीफायर में पुर्तगाल की जीत में रोनाल्डो ने किया गोल, लक्समबर्ग को 3-1 से हराया
रोनाल्डो ने गोल दागकर पुर्तगाल को लक्समबर्ग पर 3-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई जबकि बेल्जियम और नीदरलैंड्स ने विश्व कप फुटबॉल क्वालीफाइंग मैचों में बड़ी जीत दर्ज की बेल्जियम ने बेलारूस को 8-0 से रौंदकर ग्रुप-ई में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा
मैड्रिड, एपी। दिग्गज स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने गोल दागकर पुर्तगाल को लक्समबर्ग पर 3-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई जबकि बेल्जियम और नीदरलैंड्स ने विश्व कप फुटबॉल क्वालीफाइंग मैचों में बड़ी जीत दर्ज की बेल्जियम ने बेलारूस को 8-0 से रौंदकर ग्रुप-ई में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा जबकि नीदरलैंड्स ने जिब्राल्टर को 7-0 से करारी शिकस्त दी और वह ग्रुप-जी में तुर्की के बाद दूसरे स्थान पर है। कप्तान रोनाल्डो की अगुआई में पुर्तगाल का प्रदर्शन काफी शानदार रहा और उन्हें शानदार जीत भी मिली।
आयरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करने वाले लक्समबर्ग ने पुर्तगाल के खिलाफ बढ़त हासिल करके एक और उलटफेर की उम्मीद जगाई थी। पुर्तगाल ने हालांकि डिएगो जोल्टा (45+2वें मिनट), रोनाल्डो (51वें मिनट) और जोआओ पालिन्हा (80वें मिनट)के गोल की मदद से ग्रुप-ए में सर्बिया के साथ अपना शीर्ष स्थान बनाए रखा। सर्बिया ने एक अन्य मैच में अजरबैजान को 2-1 से हराया।
तुर्की ने लाटविया के खिलाफ अपना मैच 3-3 से ड्रॉ खेला। तुर्की की तरह रूस भी लगातार तीसरी जीत दर्ज करने में असफल रहा। उसे स्लोवाकिया ने 2-1 से पराजित किया। रूस अब ग्रुप-एच में क्रोएशिया के साथ शीर्ष पर है। क्रोएशिया ने एक अन्य मैच में माल्टा को 3-0 से शिकस्त दी। साइप्रस ने स्लोवानिया को 1-0 से हराकर ग्रुप में अपनी पहली जीत दर्ज की।
वहीं, जापान ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए मंगोलिया को 14-0 से करारी शिकस्त दी जो उसकी दूसरे चरण में पांचवीं जीत है। जापानी टीम ने पहले हाफ में पांच गोल दागे और दूसरे हाफ में नौ गोल दागे। वह ग्रुप-एफ में 15 अंकों के साथ शीर्ष पर है। जापान की तरफ से युया ओसाको ने हैट्रिक लगाई जबकि शो इनागाकी, जुनया इटो और क्योगो फुरुहाशी ने दो-दो गोल किए। ताकुमी मिनामिनो, दाइची कमादा, हिदेमासा मोरिता और ताकुमा असानो ने भी गोल दागे। एक आत्मघाती गोल भी हुआ।