फीफा विश्व कप 2018: पेरू के कप्तान पाओलो गुरेरो खेलेंगे विश्व कप
स्विस अदालत ने पेरू के कप्तान पाओलो गुरेरो को आगामी फीफा विश्व कप में खेलने की अनुमति दी।
ज्यूरिख। स्विस अदालत ने पेरू के कप्तान पाओलो गुरेरो को आगामी फीफा विश्व कप में खेलने की अनुमति दी। गुरेरो डोपिंग के चलते 14 महीनों का प्रतिबंध झेल रहे थे। उन्होंने कोर्ट में अपने प्रतिबंध के खिलाफ अपील की थी जिसके बाद कोर्ट ने अस्थायी रूप से उनके प्रतिबंध को हटा दिया। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि पाआलो गुरेरे विश्व कप में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
पेरू के 34 वर्षीय स्ट्राइकर पाओलो गुरेरो वर्ष 2004 से अपने देश के लिए खेल चुके हैं। इतने वर्षों में उन्होंने अब तक कुल 86 मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम पर 32 गोल दर्ज हैं। पाओलो स्ट्राइकर के तौर पर ब्राजील के क्लब फ्लामेंगो के साथ-साथ पेरू नेशनल टीम के लिए खेलते हैं। पाओलो अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में वर्ष 2004 में अपने डेब्यू के बाद अपनी टीम के लिए 32 गोल कर चुके हैं और इस स्तर पर गोल करने वाले सबसे टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने चार बार कोपा अमेरिका टूर्नामेंट में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया है। वर्ष 2011 और 2015 में इस टूर्नामेंट में उनकी टीम तीसरे स्थान पर रही थी और दोनों ही बार वो अपनी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी थे।
गौरतलब है कि फीफा विश्व कप 2018 14 जून से 15 जुलाई तक रूस में खेला जाएगा। 21वें फीफा विश्व कप में इस बार 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों को 8 ग्रुप में बांटा गया है। इन 32 टीमों में से 31 टीमें क्वालीफाइंग मुकाबले खेलकर इस विश्व कप का हिस्सा बनीं हैं जबकि रूस को होस्ट होने की वजह से सीधे इस टूर्नामेंट में प्रवेश मिला है। इस विश्व कप में कुल 64 मैच 11 शहरों के 12 वेन्यू पर खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला 15 जुलाई को मास्को में खेला जाएगा। इस बार विश्व कप में आइसलैंड और पनामा पहली बार खेलते दिखेंगे।