मैनचेस्टर सिटी ने कम्युनिटी शील्ड का खिताब अपने नाम किया, अगुएरो का 200वां गोल
मैनचेस्टर सिटी ने चेल्सी को 2-0 से हराकर कम्युनिटी शील्ड का खिताब अपने नाम किया।
लंदन। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के मौजूदा चैंपियन मैनचेस्टर सिटी ने चेल्सी को 2-0 से हराकर कम्युनिटी शील्ड का खिताब अपने नाम किया। रूस में हुए फीफा विश्व कप में अर्जेटीना की टीम का अहम हिस्सा रहे स्टार स्ट्राइकर सर्गियो अगुएरो ने मैनचेस्टर सिटी के लिए अपना 200वां गोल दागा।
सिटी ने मैच की शुरआत से ही दमदार खेल दिखाया और लगातार आक्रमण कर चेल्सी के मिडफील्ड और डिफेंस पर दबाव बनाया। 13वें मिनट में सिटी ने बेहतरीन आक्रमण किया और अगुएरो ने गोलकीपर विली काबालेरो को भेदते हुए पहला और क्लब के लिए अपना 200वां गोल दागा। 25वें मिनट में चेल्सी के स्ट्राइकर मोराटा ने बॉक्स के बाहर से गोल दागने का प्रयास किया लेकिन वे गेंद को गोल पोस्ट के ऊपर मार बैठे।
दूसरे हाफ में भी सिटी ने अधिक गेंद पोजीशन के साथ चेल्सी पर अपना दबदबा कायम रखा। 58वें मिनट में अगुएरो ने अपना दूसरा गोल किया। मैच के अंतिम क्षणों में चेल्सी को गोल करने का मौका मिला लेकिन सिटी के गोलकीपर क्लाउडियो ब्रावो को टीम नहीं भेद पाई।