Move to Jagran APP

मेसी मैजिक ने दागा 400वां गोल, 435वें मैच में रचा इतिहास

मेसी ने लगभग 14 साल पहले ला लीगा में पहला गोल किया था। वह इस सत्र में 17 गोल कर चुके हैं।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Published: Mon, 14 Jan 2019 10:20 PM (IST)Updated: Mon, 14 Jan 2019 10:20 PM (IST)
मेसी मैजिक ने दागा 400वां गोल, 435वें मैच में रचा इतिहास
मेसी मैजिक ने दागा 400वां गोल, 435वें मैच में रचा इतिहास

बार्सीलोना, एएफपी। अर्जेटीना के सुपरस्टार फुटबॉलर लियोन मेसी का मैजिक एक बार फिर स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा के मैच में ईबर के खिलाफ देखने को मिला। इस मैच में गोल करके उन्होंने एक खास उपलब्धि हासिल की। मेसी ने बार्सिलोना की जीत में ला लीगा में अपना 400वां ऐतिहासिक गोल दागा। वह ला लीगा में अब तक 435 मैच खेल चुके हैं।

loksabha election banner

मेसी ला लीगा में सर्वाधिक गोल करने वाले फुटबॉलर पहले से ही हैं और अब उन्होंने अपना स्थान मजबूत कर लिया। बार्सिलोना ने यह मैच 3-0 से अपने नाम किया जिसमें लुइस सुआरेज ने सर्वाधिक दो गोल दागे। हालांकि इस लीग में सर्वाधिक गोल करने के मामले में मेसी के बाद पहले रीयल मैड्रिड से खेलने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नाम आता है। उन्होंने इस लीग में 311 गोल किए हैं। रोनाल्डो अब इटालियन क्लब जुवेंटस से खेलते हैं और यह क्लब इस लीग में नहीं खेलता है।

जहां तक इस मैच की बात है तो बार्सिलोना की शुरुआत अच्छी रही और उसने पहले हाफ के 19वें मिनट में ही ईबर पर बढ़त हासिल की। सुआरेज ने कौटिन्हो के पास पर बॉक्स के अंदर से गोल करके बार्सिलोना का मैच में खाता खोला। इसके बाद बार्सिलोना ने यह बढ़त पहले हाफ तक कायम रखी। दूसरे हाफ में बार्सिलोना ने आक्रामक रुख जारी रखा और दो गोल किए। 53वें मिनट में मेसी ने सुआरेज से मिली गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर ऐतिहासिक गोल दागा। इसके छह मिनट बाद ही सुआरेज ने अपना दूसरा गोल करके टीम की बढ़त 3-0 से मजबूत कर दी।

इस दौरान, ईबर की टीम मैच में वापसी करने की कोशिश करती रही, लेकिन बार्सिलोना के मजबूत डिफेंस को भेद नहीं सकी। मेसी ने लगभग 14 साल पहले ला लीगा में पहला गोल किया था। वह इस सत्र में 17 गोल कर चुके हैं।

रीयल मैड्रिड भी जीता
डानी सेबालोस द्वारा 88वें मिनट में किए गए गोल के दम पर रीयल मैड्रिड ने ला लीगा के मैच में रीयल बेटिस को 2-1 से हरा दिया। रीयल मैड्रिड ने 13वें मिनट में गोल कर 1-0 की बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में बेटिस ने बराबरी का गोल किया। अंत में दानी सेबालोस ने मैड्रिड के लिए विजयी गोल किया। रीयल मैड्रिड के लिए पहला गोल लुका मॉड्रिक ने किया। मॉड्रिक ने पेनाल्टी जोन से बाहर से गेंद को नेट में डाल शुरुआती मिनट में ही अपनी टीम को बढ़त दिला दी।

पहले हाफ का समापन रीयल मैड्रिड के पक्ष में 1-0 के स्कोर के साथ रहा। दूसरे हाफ में बेटिस की टीम बराबरी का गोल करने में सफल रही। उसके लिए यह गोल सर्जियो कानालेस ने 68वें मिनट में किया। मैच बराबरी के स्कोर पर समाप्त होता दिखाई दे रहा था लेकिन दानी ने नियमित समय में दो मिनट का समय शेष रहते गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई।

यूरोप की शीर्ष पांच लीग में से एक लीग में सर्वाधिक गोल

खिलाड़ी                    गोल                            लीग

लियोन मेसी             400                            ला लीगा

गर्ड मुलर                  365                           बुंडिशलीगा

जिमी ग्रीव्स              357                       इंग्लिश फ‌र्स्ट डिवीजन

स्टीव ब्लूमर             317                       इंग्लिश फ‌र्स्ट डिवीजन

रोनाल्डो                   311                         ली लीगा

डिक्सी डीन              310                      इंग्लिश फ‌र्स्ट डिवीजन

ला लीगा में सर्वाधिक गोल

खिलाड़ी                                         गोल                                      मैच

लियोन मेसी                                   400                                    435

क्रिस्टियानो रोनाल्डो                        311                                    292

टेलमो जारा                                    251                                    278

'मेसी एक असाधारण खिलाड़ी हैं। वह खुद तो स्कोरर है ही, अन्य खिलाडि़यों के लिए भी मैच में गोल करने के मौके बनाता है। वह अविश्वसनीय है और दूसरे ग्रह से आया है।'

- ईर्नेस्टो वाल्वेर्ड, मैनेजर, बार्सिलोना


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.