न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत की हैट्रिक से चूकी भारतीय फुटबॉल टीम
इस मुकाबले में भारत की ओर से एक मात्र गोल सुनील छेत्री ने 47वें मिनट में किया और भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।
मुंबई, प्रेट्र। न्यूजीलैंड ने इंटरकांटिनेंटल कप में शानदार प्रदर्शन कर रही भारतीय फुटबॉल टीम के विजय अभियान को रोकते हुए गुरुवार को यहां उसे जीत की हैट्रिक बनाने से वंचित कर दिया। मेजबान भारतीय टीम को अपने तीसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
इस मुकाबले में भारत की ओर से एक मात्र गोल सुनील छेत्री ने 47वें मिनट में किया और भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। जल्द ही न्यूजीलैंड ने जवाबी गोल कर 1-1 की बराबरी हासिल कर ली। 85वें मिनट में न्यूजीलैंड ने फिर भारतीय गोल पोस्ट पर आक्रमण किया और भारत पर 2-1 की बढ़त बना ली। इसके बाद कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और न्यूजीलैंड ने भारत को 2-1 से हरा दिया।
भारत ने इससे पहले यहां अपने पहले दोनों मुकाबलों में जीत हासिल की थी। उसने चार देशों के टूर्नामेंट के पहले मैच में चीनी ताइपे को 5-0 से हराया था और फिर केन्या को 3-0 से शिकस्त दी थी। केन्या के खिलाफ मैच छेत्री का 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच था, जिसमें वह दो गोल कर भारत को पहले ही टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा चुके हैं।