FIFA WORLD CUP 2018: फ्रांस ने पेरू को 1-0 से हराकर विश्व कप से बाहर किया
फ्रांस ने पेरू को 1-0 से हराकर विश्व कप से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। पेरू के खिलाफ फुटबॉल विश्व कप के ग्रुप सी के मुकाबले में फ्रांस ने एम्बाप्पे की एकमात्र गोल के दम पर 1-0 से मैच जीत लिया और अगले दौर में लगभग अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं फ्रांस के हाथों हार झेलने के बाद पेरू इस विश्व कप से बाहर हो गया है।
इस मैच के पहले हाफ से ही फ्रांस ने आक्रामक खेल दिखाना शुरू कर दिया। मैच के 14वें मिनट में ही पोग्बा के गोल करने का एक मौका मिला और उन्होंने लगभग 25 गज की दूरी से शॉट लगाया लेकिन गेंद गोलकीपर के काफी नजदीक पहुंचकर बाउंस हो गई और कुछ इंच से ही गोलपोस्ट से बाहर निकल गई। इसके कुछ देर बाद की फ्रांस के कॉर्नर मिल गया लेकिन इस मौके को टीम भुना नहीं पाई और ग्रीजमैन की शॉट पर गोल नहीं हो पाया। खेल के 31वें मिनट में पेरू की टीम ने तेज खेलना शुरु किया और उसके पास गोल का शानदार मौका बना। फ्लोरेस ने कुएवा को पास दिया और उन्होंने शॉट भी लगाया लेकिन गेंद सीधी फ्रांस के गोलकीपर लॉरिस के पास गया और उन्होंने उसे रोक दिया। वहीं इसके ठीक तीन मिनट बाद यानी 34वें मिनट में फ्रांस ने अपना खाता खोल दिया। गेरार्ड ने पोग्बा को पास दिया और उस पर उन्होंने शॉट लगा दिया। उसका बचाव करने पेरू का गोलकीपर अपनी से बाहर आ गया और फिर एम्बाप्पे ने कोई गलती किए बगैर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। पहले हाफ तक फ्रांस ने पेरू पर 1-0 की बढ़त ले ली थी।
दूसरे हाफ की शुरुआत में ही पेरू के कैरिलो ने 25 गज की दूरी से शॉट लगाया लेकिन गेंद बार के उपर से चली गई और एक शानदार मौका हाथ से निकल गया। इसके बाद पेरू ने लगातार अपना आक्रमण जारी रखा। खेल के आखिरी में पेरू को लगातार दो कॉर्नर मिले लेकिन दोनों ही बार मिले इस मौके को ये टीम भुना नहीं पाई और एक भी गोल नहीं कर पाई। खेल टाइम पूरा होने के बाद 4 मिनट की इंजुरी टाइम मिला लेकिन फ्रांस के आगे पेरू की एक नहीं चली और उसे हार मिली। इस हार के साथ ही पेरू का इस विश्व में सफर खत्म हो गया।