फुटबॉल मैच के बाद भगदड़ में पांच मरे
यह दुर्घटना अंगोला के प्रीइमिरो अगोस्तो और कांगो के टीपी माजेंबे के बीच हुए मुकाबले के बाद हुई।
लुआंडा, रायटर : अंगोला की राजधानी लुआंडा में अफ्रीकन चैंपियंस लीग में एक मैच के बाद मची भगदड़ में पांच लोगों की मृत्यु हो गई जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना अंगोला के प्रीइमिरो अगोस्तो और कांगो के टीपी माजेंबे के बीच हुए मुकाबले के बाद हुई।
अंगोला के खेल मंत्रालय ने घटना पर दुख जताया और कहा कि सभी सातों घायलों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस्टेडियो 11 नोवेंबरो स्टेडियम में मैच के बाद स्टेडियम के गेट को बंद कर दिया गया था और फिर जब अचानक गेट को पुलिस ने खोला तो दर्शक तेजी से बाहर निकलने लगे।
इनमें से कुछ पुलिस के घोड़ों के पैरों के नीचे आ गए। कुछ ऐसी ही घटना पिछले साल अंगोला के शहर उइगे में घटी थी जिसमें करीब 17 लोगों की मृत्यु हो गई थी।