कोरोना की वजह से परिवार से दूर हुए चेल्सी के स्टार फुटबॉलर पेड्रो
इंग्लैंड के फुटबॉल क्लब चेल्सी के विंगर पेड्रो भी इसमें से एक हैं। वह इस लॉकडाउन की वजह से अपने परिवार से दूर हैं।
लंदन। कोरोना वायरल के फैले संक्रमण ने पूरी दुनिया में लगभग हर एक देश को चपेटे में ले लिया है। इस वक्त विश्व में कोरोना से निपटने के लिए लॉकडाउन की स्थिति बनी हुई है। लॉकडाउन की वजह से पूरी दनिया जैसे थम गई है जो जहां है वो वहीं रुक गया है। इंग्लैंड के फुटबॉल क्लब चेल्सी के विंगर पेड्रो भी इसमें से एक हैं। वह इस लॉकडाउन की वजह से अपने परिवार से दूर हैं।
उन्होंने स्वीकार किया कि कोरोना की वजह से हुए लॉकडाउन के कारण बच्चों से अलग रहना उनके लिए काफी मुश्किल हो रहा है। पेड्रो के बच्चे स्पेन में हैं और 32 साल का यह खिलाड़ी यात्रा संबंधित पाबंदियों के कारण अपने परिवार को देखने घर नहीं जा सकता। वह इंग्लैंड में हैं और इस तरह से अलग रहना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।
पेड्रो ने कहा, 'अपने बच्चों, माता--पिता, भाई बहनों को नहीं देख पाना काफी परेशानी भरा है। सभी के लिए इस मुश्किल दौर में परिवार के करीब नहीं रह पाना काफी कठिन है। हम फोन पर संपर्क बनाए हैं कि हम अलग रहकर क्या कर रहे हैं और जितना संभव हो करीब रहने की कोशिश कर रहे हैं।' पेड्रो अपनी फाउंडेशन के जरिये स्पेन में मदद कर रहे हैं।
इससे पहले न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज इयान ओ ब्रायन ने भी लॉकडाउन का अपना दर्द बयां किया था। ओ ब्रायन अपने परिवार से मिलना चाहते थे लेकिन उनके पास पैसे नहीं थे। ब्रिटेन में रह रहे अपने परिवार से मिलना के लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों के मदद की गुहार लगाई थी। वो पैसे के बदले में काम करने के लिए राजी थी।
ट्विटर पर वो परिवार से मिलने के लिए लगने वाले पैसों को जमा करना चाहते हैं। घरवालों से मिलने जाने के लिए वो चंदा इकट्ठा कर रहे हैं और ऐसा वो फ्री में नहीं करना चाहते।