हिग्यून ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को कहा अलविदा, अर्जेटीना की ओर से 75 मुकाबलों में दागे 35 गोल
गोंजालो हिग्यून ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने अपने आलोचकों पर भी निशाना साधा।
ब्यूनस आयर्स, एएफपी। अर्जेटीना के अनुभवी स्ट्राइकर गोंजालो हिग्यून ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने अपने आलोचकों पर भी निशाना साधा।
फ्रांस में जन्में 31 वर्षीय हिग्यून ने अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए कुल 75 मुकाबले खेले। वह 2009 में अर्जेटीना से जुड़े और पेरू के खिलाफ 2010 फीफा विश्व कप क्वालीफायर में गोल के साथ पदार्पण किया। पिछले साल विश्व कप में नाइजीरिया के खिलाफ मिली जीत उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला साबित हुआ। उन्होंने कुल 35 गोल के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का समापन किया।
हिग्यून ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान अर्जेटीना को 2014 फीफा विश्व कप में जर्मनी के हाथों हारते देखा और फिर 2015 और 2016 के कोपा अमेरिका में भी उनकी टीम हारी। हालांकि फाइनल में हारने के बावजूद वह मायूस नहीं हैं। उन्होंने कहा कि तीन फाइनल खेलना और तीनों में हारना असफलता नहीं है। लोग आपकी गलतियां याद रखते हैं, यह नहीं याद रखते कि आपने क्या हासिल किया। जो लोग मुझ पर निशाना साध रहे हैं, वास्तव में वे लोग बेल्जियम के खिलाफ (2014 विश्व कप) मेरे गोल के बाद खुशी से चिल्लाए होंगे। यही खेल है। जब बहुत ज्यादा आलोचना होने लगती है तो इससे वाकई में तकलीफ होती है। मैंने टीम को अपना सर्वस्व दिया। मेरा परिवार मुझ से ज्यादा इससे प्रभावित हुआ।
टिम काहिल ने कहा अलविदा
सिडनी, एएफफी। ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने वाले टिम काहिल ने शुक्रवार को संन्यास की घोषणा की और अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर पर पूर्णविराम लगाया। 39 वर्षीय काहिल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए खेले अपने 108 मुकाबलों में कुल 50 गोल दागे और अपने देश का चार फीफा विश्व कप में प्रतिनिधित्व किया। इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) के पिछले सत्र में जमशेदपुर एफसी से जुड़े काहिल ने कहा कि वह इस लीग के आगामी सत्र में अपने खेल करियर को नहीं बढ़ाना चाहते हैं। काहिल ने पिछले साल फीफा विश्व कप के बाद संन्यास की घोषणा की थी और अब वह बतौर कोच अपना करियर शुरू करना चाहते हैं।