Move to Jagran APP

2030 फीफा विश्व कप की मेजबानी के लिए संयुक्त रूप से बोली लगाएंगे स्पेन और पुर्तगाल

स्पेन और पुर्तगाल 2030 फीफा विश्व कप की मेजबानी के लिए संयुक्त रूप से बोली लगाएंगे। पुर्तगाल और स्पेन के बीच बुधवार को एक दोस्ताना मैच से पहले दोनों देशों के फुटबॉल संघों ने इस प्रतियोगिता के साझा मेजबानी के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

By TaniskEdited By: Published: Fri, 09 Oct 2020 08:26 AM (IST)Updated: Fri, 09 Oct 2020 08:26 AM (IST)
2030 फीफा विश्व कप की मेजबानी के लिए संयुक्त रूप से बोली लगाएंगे स्पेन और पुर्तगाल
2030 फीफा विश्व कप की साझा मेजबानी के लिए स्पेन और पुर्तगाल के बीच समझौता। (एएनआइ)

मैड्रिड, एजेंसियां। स्पेन और पुर्तगाल 2030 फीफा विश्व कप की मेजबानी के लिए संयुक्त रूप से बोली लगाएंगे। पुर्तगाल और स्पेन के बीच बुधवार को एक दोस्ताना मैच से पहले, दोनों देशों के फुटबॉल संघों ने इस प्रतियोगिता के साझा मेजबानी के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। स्पेन के फुटबॉल संघ (एफइएफ) के अध्यक्ष लुइस रूबियलस ने कहा, 'यह समझौता दोनों देशों के फुटबॉल संघों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। विश्व कप आयोजित करने के अवसर की तुलना में कुछ चीजें अधिक रोमांचक हो सकती हैं और हम पुर्तगाल से बेहतर साथी के बारे में नहीं सोच सकते। हम पुर्तगाली संघ से हाथ मिलाते हैं।'

loksabha election banner

2026 विश्व कप की मेजबानी

2022 फीफा विश्व कप कतर में खेला जाना है, जबकि 2026 विश्व कप की मेजबानी कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको द्वारा की जाएगी। 2030 विश्व कप के लिए मेजबानी का अधिकार 2024 में फीफा द्वारा तय किया जाएगा और 2022 में आयोजन की मेजबानी के लिए बोली प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले, रोमानिया, ग्रीस, बुल्गारिया और सíबया ने भी 2030 विश्व कप की मेजबानी के अधिकार प्राप्त करने के लिए बोली प्रक्रिया में हिस्सा लेने के संकेत दिए हैं। उरुग्वे, अर्जेटीना, पराग्वे और चिली भी कार्यक्रम की मेजबानी के लिए दौड़ में हैं। 

100वां मैच खेलते हुए गिरौड बने फ्रांस के लिए दूसरे सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी

ओलिवर गिरौड फ्रांस के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि बुधवार को फ्रांस की एक दोस्ताना मैच में यूक्रेन पर 7-1 की जीत के दौरान के हासिल की। गिरौड (24वें व 33वें मिनट) ने दो गोल दागे, जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय गोलों की संख्या 42 हो गई है। गिरौड के लिए इस उपलब्धि को हासिल करने का इससे बेहतर दूसरा मौका नहीं हो सकता था, क्योंकि वह फ्रांस के लिए अपना 100वां मैच खेल रहे थे। फ्रांस के लिए 100 मैच खेलने वाले वह सिर्फ सातवें फुटबॉलर हैं।

माइकल प्लाटिनी को पीछे छोड़ा

सर्वाधिक गोल के मामले में उन्होंने फ्रांस और जुवेंटस के दिग्गज माइकल प्लाटिनी को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 72 मैचों में 41 गोल दर्ज हैं। अब सिर्फ थिएरी हेनरी ही गिरौड से आगे हैं, जिन्होंने फ्रांस के लिए 123 मैचों में 51 गोल किए हैं। यूक्रेन के खिलाफ इस मुकाबले में 17 साल के एडुअर्डो कैमाविंगा (नौवें मिनट) ने भी गोल किया, जिससे वह 1941 के बाद फ्रांस के लिए गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा यूक्रेन के लिए कोरेनटिन टोलिसो (65वें मिनट), कायलिन एमबापे (82वें मिनट) और एंटॉनी ग्रीजमैन (89वें मिनट) ने भी गोल किया, जबकि यूक्रेन की ओर से विटाली मायकोलेंको (39वें मिनट) ने आत्मघाती गोल किया।

पुर्तगाल और स्पेन के बीच मैच ड्रॉ 

पुर्तगाल और स्पेन के बीच लिस्बन में दर्शकों की मौजूदगी में खेला गया दोस्ताना फुटबॉल मैच गोलरहित ड्रॉ के रूप में खत्म हुआ। इस मैच को देखने के लिए करीब 2500 दर्शक मैदान पर मौजूद थे।

रामोस का रिकॉर्ड 

पुर्तगाल के खिलाफ मैच के दौरान सर्गियो रामोस अंतरराष्ट्रीय करियर में मैदान पर सबसे ज्यादा समय बिताने वाले स्पेन के खिलाड़ी बन गए। रामोस अब तक स्पेन के लिए मैदान पर 13340 मिनट का समय बिता चुके हैं। उन्होंने इकेर कैसिलास (13336 मिनट) को पीछे छोड़ा। रामोस को यह उपलब्धि हासिल करने में 15 साल से अधिक का समय लगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.