Fact Check Story: अनिल उपाध्याय के नाम से फिर वायरल हुआ गलत दावा, जानिए क्या है वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई
एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स पीएम मोदी की तारीफ करता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम अनिल उपाध्याय है और यह कांग्रेस के विधायक हैं।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स पीएम मोदी की तारीफ करता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहे शख्स का नाम अनिल उपाध्याय है और यह कांग्रेस के विधायक हैं। दैनिक जागरण की फैक्ट चेकिंग वेबसाइट विश्वास न्यूज ने जब वायरल पोस्ट की पड़ताल की तो पता चला कि वायरल दावा गलत है। वीडियो वायरल में नजर आ रहे शख्स का नाम मोहन चंद्र पांडेय है और वह किसी पार्टी से नहीं जुड़े हुए हैं। कांग्रेस विधायक वाली बात पूरी तरह झूठ है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए InVID टूल का इस्तेमाल किया। वायरल वीडियो के कई ग्रैब्स इसके माध्यम से निकाले गए। इसके बाद इनकी मदद से गूगल रिवर्स सर्च टूल का इस्तेमाल करते हुए ओरिजनल सोर्स तक पहुंचने की कोशिश की गई। इस दौरान विश्वास न्यूज को वायरल वीडियो @Shanktan नामक एक ट्विटर अकाउंट पर 10 अप्रैल 2019 को अपलोड मिला। कैप्शन में दी गई जानकारी के मुताबिक, शख्स का नाम अनिल उपाध्याय नहीं, बल्कि मुन्ना चंद्र पांडेय है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर विश्वास न्यूज ने गूगल पर कुछ कीवर्ड्स के जरिए सर्च किया। इस दौरान फेसबुक पर मोहन चंद्र पांडेय नाम का एक अकाउंट मिला। यह यूजर और वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स एक जैसा ही दिखा। अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि यूजर अक्सर इस तरह के वीडियो बनाकर अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर करता है। इसी दौरान विश्वास न्यूज को मोहन चंद्र पांडेय के फेसबुक अकाउंट पर 10 अप्रैल 2019 को अपलोड वीडियो मिला। यह वही वीडियो था, जिसे कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्याय के नाम से कुछ लोग फैला रहे हैं। ओरिजनल वीडियो आप यहां देख सकते हैं। इसमें मोहन चंद्र पांडेय को पॉलिटिकल कमेंट करते हुए देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए विश्वास न्यूज ने कांग्रेस पार्टी के उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी से संपर्क किया। विश्वास न्यूज ने वॉट्सऐप के जरिए वायरल दावे को उनके साथ शेयर किया। उन्होंने विश्वास न्यूज को बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो फर्जी है। वीडियो में नजर आ रहे शख्स का कांग्रेस पार्टी से कोई संबंध नहीं है। पार्टी की छवि खराब करने के लिए लोग इस तरह के गलत दावों को शेयर कर रहे हैं।
इस पूरी खबर को विस्तार से विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।