Fact Check Story: जानें बरेली में चालान काटे जाने पर मुस्लिमों के पुलिस की पिटाई के दावे वाले वीडियो की असलियत
सोशल मीडिया पर तेजी से एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को एक पुलिसकर्मी को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में हुई घटना से संबंधित बताया जा रहा है। जानें क्या है इस वीडियो की हकीकत...
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ लोगों को एक पुलिसकर्मी को पीटते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि पुलिसकर्मी की पिटाई का यह वीडियो उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में हुई घटना से संबंधित है जहां चालान काटे जाने से नाराज मुस्लिमों ने पुलिस की पिटाई कर दी। विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत निकला।
वायरल हो रहा वीडियो करीब पांच महीने पुरानी घटना से संबंधित है.. जब भरतपुर (राजस्थान) और हरियाणा की सीमा के पास के कस्बे में पुलिस की गाड़ी से दूसरी गाड़ी के टक्कर होने के बाद नाराज युवकों ने एक पुलिसकर्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। इसी घटना के वीडियो को उत्तर प्रदेश के बरेली की घटना बताकर वायरल किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो पहले भी बरेली के नाम से वायरल हो चुका है और तब बरेली पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस घटना का खंडन किया गया था। बरेली पुलिस की तरफ से बताया गया है, 'कतिपय ट्विटर के माध्यम से एक वीडियो बरेली सिविल लाईन्स का बताकर प्रसारित किया जा रहा है। जिसका बरेली पुलिस खण्डन करती है।'
बरेली सिविल लाईन्स न्यूज़ पुलिस द्वारा चालान काटने पर मुसलमानों ने उनकी पिटाई की जो कानून को चुनौती है! यह वीडियो बताता है की आगे हिन्दुस्तान मे क्या क्या होगा |
कौन देश चलायेगा! और सबका भविष्य क्या होगा ! कड़वा सच यह है कि देश को बाहर से ज्यादा अन्दर से बहुत ज्यादा खतरा है! pic.twitter.com/Mk7BxOqECo— Shrvan Pandey (@ShrvanPandey14) September 27, 2021
बरेली पुलिस के बयान से यह स्पष्ट हो गया कि वायरल हो रहा वीडियो बरेली का नहीं है। घटना के वास्तविक लोकेशन की जानकारी के लिए रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली। सर्च में हमें यह वीडियो एक न्यूज वेबसाइट पर करीब छह महीने पहले प्रकाशित रिपोर्ट में लगा मिला।
न्यूज रिपोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक भरतपुर जिले के कामां में पुलिसकर्मी को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। कुछ युवकों ने पुलिसकर्मी को बीच बाजार में बुरी तरह से पीटा है। घटना के दौरान 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी पुलिसकर्मी को बचाने के लिए आगे नहीं आया। युवक पुलिसकर्मी को घूंसों और डंडों से पीटते रहे।
पुलिसकर्मी ने बचने का प्रयास किया लेकिन भीड़ ने उसे जाने नहीं दिया। घटना करीब एक महीने पुरानी बताई जा रही है, जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक घटना भरतपुर और हरियाणा की सीमा के पास जुरहरा कस्बे की है। यहां हरियाणा के पुनहाना थाने का पुलिस कॉन्स्टेबल किसी केस की जांच के लिए जुरहरा आया था। बाजार से गुजरते वक्त पुलिस की गाड़ी की दूसरी गाड़ी से टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद पुलिसकर्मी और दूसरी गाड़ी में सवार युवाओं में कहासुनी हो गई थी। मामला इतना बढ़ा कि गुस्साए युवाओं ने कॉन्स्टेबल को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे पहले भी यह वीडियो सोशल मीडिया पर समान दावे के साथ वायरल हो चुका है और तब विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल करते हुए इसे गलत पाया था। विश्वास न्यूज ने इसे लेकर बरेली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) सुशील कुमार से संपर्क किया था।
उन्होंने बताया, 'किसी पुलिसकर्मी को पीटे जाने की कोई घटना हमारे क्षेत्र में घटित नहीं हुई है।' हमारी पड़ताल में यह स्पष्ट हुआ कि उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिसकर्मी की पिटाई के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो राज्स्थान के भरतपुर और हरियाणा की सीमा के पास जुरहरा कस्बे की है, जिसे गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें विश्वास न्यूज की यह फैक्ट चेक रिपोर्ट