'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की एक्ट्रेस प्रियंका उधवानी का टूटा दिल, ब्रेकअप के बाद ब्वॉयफ्रेंड को बताया धोखेबाज, लगाए ये आरोप
छोटे पर्दे की मशहूर अभिनेत्री प्रियंका उधवानी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उनका ब्वॉयफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया है। प्रियंका उधवानी लंबे समय से टीवी अभिनेता अंशुल पांडे को डेट कर रही थीं लेकिन अब इन दोनों कपल का ब्रेकअप हो गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। छोटे पर्दे की मशहूर अभिनेत्री प्रियंका उधवानी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उनका ब्वॉयफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया है। प्रियंका उधवानी लंबे समय से टीवी अभिनेता अंशुल पांडे को डेट कर रही थीं, लेकिन अब इन दोनों कपल का ब्रेकअप हो गया है। प्रियंका उधवानी ने अंशुल पांडे पर उन्हें रिश्ते में धोखा देने का आरोप लगया है।
इस बात की खुलासा प्रियंका उधवानी ने खुद किया है। उन्होंने हाल ही में अंग्रेजी वेबसाइट टाइम्स ऑफ इंडिया से बात की है। इस इंटरव्यू में उन्होंने अपने करियर के साथ निजी जिंदगी को लेकर ढेर सारे खुलासे किए हैं। प्रियंका उधवानी ने अंशुल पांडे के साथ अपने रिश्ते और ब्रेकअप को लेकर भी लंबी बात की। अभिनेत्री ने कहा, 'बीते हफ्ते मैंने कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लगवाया था और इसके बाद मुझे तेज बुखार था। वह (अंशुल पांडे) शाम को 7 बजे घर से गया। उसने जाते हुए मुझे कहा कि कुछ ही घंटों में वापस आ जाएगा। लेकिन वह अगली सुबह वापस आया।'
प्रियंका उधवानी ने आगे कहा, 'वह रातभर कहां था, इस बारे में मुझे उसकी इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरीज से पता चला। वह एक लड़की के साथ था। तब मैंने इस रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया और उस बारे में अपने सोशल मीडिया पेज पर भी लिखा। अंशुल एक धोखेबाज इंसान है और उसने मेरे जिंदगी में बहुत सारी नकारात्मकता पैदा कर दी हैं।' प्रियंका उधवानी ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने अंशुल पांडे की कुछ लड़कियां दोस्तों को मैसेज किए थे।
उनके मैसेज के बाद पता चला कि कैसे अंशुल पांडे ने उनसे भी रिश्ता बढ़ाने की कोशिश की थी। प्रियंका उधवानी ने कहा, 'उन लड़कियों ने मुझसे कहा कि उन्होंने मुझे इसलिए पहले नहीं बताया क्योंकि उन्हें लगा कि मैं और अंशुल साथ में खुश हैं। यह बहुत पहले से चल रहा था। आखिरकार मैं एक ऐसे स्तर पर पहुंच गई थी जहां मुझे खुद के लिए स्टैंड लेना था। जब लोगों ने मुझे अंशुल के बारे में बताया तब मैंने उनका यकीन नहीं किया। मैं प्यार में अंधी थी। उसके साथ ब्रेकअप के बाद अब मैं खुश हूं और आजाद महसूस कर रही हूं। मैं अब खुश और मजबूत रहना चाहती हूं।'
वहीं दूसरी ओर प्रियंका उधवानी के आरोपों पर अंशुल पांडे ने कहा, 'मैं अपनी निजी जिंदगी पर बात नहीं करना चाहता, लेकिन जब प्रियंका मुझ पर धोखा करने का आरोप लगा रही है तो फिर यह गलत है। किसी को भी ऐसी बात होने से पहले उसकी पुष्टि कर लेनी चाहिए। इसलिए नहीं कि दूसरे को नीचा दिखाने के लिए। अगर हम 6 साल तक साथ रहे हैं तो जाहिर सी बात है उसमें भावुक थकावट से ज्यादा मानिसक खुशी रही होगी। प्रियंका कहना चाहती हैं कह सकती हैं। वह इसके लिए आजाद हैं। लेकिन मुझ पर धोखा देने का आरोप लगाना गलत बात है। प्रियंका उस शाम के मेरे प्लान के बारे में पता था। मैंने उसे बिस्तर पर लिटाया और आराम करने के लिए कहा था। प्रियंका उस दोस्त के बारे में भी अच्छे से जानती थी, जिससे मिलने मैं जा रहा था।'
अंशुल पांडे ने आगे कहा, 'जब मैंने कोरोना की वैक्सीन की डोज ली थी तो प्रियंका भी मेरे साथ नहीं थीं और मैं भी बीमार था। उस समय भी हमारी लड़ाई हुई थी। यह कहना बहुत आसान है कि मैं बाकी लड़कियों के साथ पार्टी कर रहा था, लेकिन यह भी देखना चाहिए कि वहां मेरे अलावा तीन लड़के और थे। वह मेरे साथ लड़ सकती हैं। बिना बताए गोवा जा सकती हैं और हफ्तों तक दूर रह सकती हैं। यह कहां तक ठीक है?' आपको बता दें कि प्रियंका उधवानी और अंशुल पांडे की मुलाकात साल 2014 में 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के सेट पर हुई थी।