क्या अदा, क्या जलवे इनके देखो... मिलिए टीवी की 'चाची 420' से
रवि दुबे ने ज़ी टीवी के शो 'जमाई राजा' में जमकर मस्ती की है। उन्होंने इस शो में ऐसे कई किरदार निभाये, जिन्हें देखकर लोग हैरान रह गये।
अनुुप्रिया वर्मा, मुंबई। टेलीवुड के स्टार्स अपने एक्टिंग स्किल को छोटे पर्दे पर दिखाने में कभी पीछे नहीं रहते।फिर चाहे उन्हें अपने लुक से ही एक्सपेरिमेंट क्यों ना करना पड़ा हो। ऐसे कई स्टार्स हैं टीवी के, जिन्होंने ज़रूरत पड़ने पर महिलाओं का भी रूप धारण करना पड़ा हो। वह गुरेज़ नहीं करते। बॉलीवुड में ही नहीं टेलीवुड में भी ऐसे किरदार सराहे जाते रहे हैं।
रवि दुबे:
रवि दुबे ने ज़ी टीवी के शो 'जमाई राजा' में जमकर मस्ती की है। उन्होंने इस शो में ऐसे कई किरदार निभाये, जिन्हें देखकर लोग हैरान रह गये। इस शो में उन्होंने अपने चार साल के लंबे सफ़र में पूरे 20 लुक अपनाये। इसमें एक किरदार महिला का भी था। रवि ने इस लुक को अपनाते हुए शेयर किया था कि अब वह समझ सकते हैं कि ऐसे किरदार निभाने में कितनी दिक्कत आती है। महिलाओं को एक साथ चेहरे पर से अपने बाल हटाने हैं शॉट देते हुए, साड़ी भी संभालनी है। एक्टिंग भी करनी है, यह आसान नहीं होता है।
करन पटेल:
करन पटेल ने हाल ही में स्टार प्लस के शो 'ये हैं मोहब्बतें' में लड़की का रूप धारण किया था। लाल रंग की साड़ी में वह कमाल नज़र आये थे। दर्शकों ने उनका यह लुक काफी पसंद किया था। सोशल मीडिया पर उनके उस लुक की काफी तारीफ़ हुई थी।
जय सोनी:
जय सोनी इन दिनों कलर्स के शो 'भाग बकूल भाग' में मुख्य किरदार निभा रहे हैं। इस शो में अभी जो ट्रैक चल रहा है। उस ट्रैक के मुताबिक जय ने महिला का वेष धारण कर रखा है। दर्शक उन्हें महिला के रूप में ही सजी-संवरी देखेंगे।
सुनील ग्रोवर, अली असगर, कीकू शारदा:
अली असगर, कीकू शारदा और सुनील ग्रोवर का गुत्थी किरदार टेलीविज़न के आइकॉनिक किरदारों में शामिल हैं। कॉमेडी नाइट्स विद कपिल शो से सुनील के गुत्थी वाले किरदार को ख़ूब काफी लोकप्रियता मिली। जब शो का नाम और चैनल बदला तो सुनील रिंकू भाभी के किरदार में आने लगे और ये भी सुपरहिट रहा। वहीं, अली असगर दादी और नानी के रूप में कपिल के शो की जान रहे। अली के अलावा कीकू शारदा को भी दर्शक अब पलक के रूप में ही अधिक पसंद करते हैं। कीकू रिंकू भाभी की ननद के रूप में भी काफ़ी मशहूर हुए।
सिद्धार्थ सागर:
सिद्धार्थ सागर के मौसी अवतार को दर्शक कैसे भूल सकते हैं। टीवी के आइकॉनिक कॉमेडी किरदारों में सिद्धार्थ सागर का मौसी अवतार भी हमेशा यादगार रहेगा। सिद्धार्थ ने शुरुआत की थी कॉमेडी सर्कस से। फिर उन्हें मौसी के रूप में लाइफ ओके के शो कॉमेडी क्लासेज में अच्छी लोकप्रियता हासिल हुई।