ये हैं मोहब्बतें में होने वाली है इस खलनायिका की एंट्री, रमन-इशिता की जिंदगी में कौन हैं एक विलेन
इस बार भी शो में एक बड़ा ट्विस्ट आने वाला है। शो में एक नयी खलनायिका की एंट्री होने वाली है।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। दिव्यांका त्रिपाठी और करण पटेल के शो 'ये हैं मोहब्बतें' के 1500 एपिसोड्स पूरे हो गए हैं।दिव्यांका ने इस दौरान बातचीत में कहा कि उन्हें इस बात की ख़ुशी है कि उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है और शो को कामयाबी मिली। चूंकि जब उन्होंने इस शो को हां कहा था तो कई लोगों ने उनसे कहा था कि फिर से एक डेली सोप क्यों। लेकिन दिव्यांका को विश्वास था कि दर्शकों को शो जरूर पसंद आएगा।
दिव्यांका ने इस शो के आने वाले ट्रैक के बारे में एक बड़ी जानकारी दी है। दिव्यांका का कहना है कि वह शो की क्रिएटिव टीम को बधाई देना चाहती हैं और उनकी सराहना करना चाहती हैं कि हर बार वह शो में कुछ नए और शानदार ट्विस्ट लेते ही आते हैं। इस बार भी शो में एक बड़ा ट्विस्ट आने वाला है। शो में एक नयी खलनायिका की एंट्री होने वाली है। जी हां, खुद दिव्यांका ने ये राज खोला है कि इस शो में किसी महिला खलनायिका की एंट्री होने वाली हैं और इस बार दर्शकों को इससे और डर लगने वाला है। शो में कई नए ट्विस्ट आयेंगे। बता दें कि इस शो में शगुन का किरदार निभा चुकी अनिता ने लंबे समय तक नेगेटिव किरदार निभाया है और अब बारी एक नयी खलनायिका की एंट्री की है। हालांकि दिव्यांका या शो की टीम में से किसी ने भी इस किरदार को कौन निभाने जा रहा है, इस राज पर से पर्दा उठाने से मना कर दिया है। लेकिन दिव्यांका ने ये संकेत जरूर दिए हैं कि इस बार अधिक तमाशे होने वाले हैं और इशिता-रमण की जिंदगी में ये महिला काफी परेशानी लाने वाली हैं।
यह भी पढ़ें: Box Office पर MI 6 धुंआधार, रणबीर की संजू ने तोड़ा सलमान का ये रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें: सलमान खान को बेबी सिंह का गाना पसंद हैं, जानिये कौन ये बेबी