Ramayan: जब 'हनुमान' ने 'लक्ष्मण' को लुटने से बचाया, आज तक सम्भालकर रखा वो ब्रीफकेस
Ramayan हनुमान का किरदार निभाने वाले दारा सिंह सुनील को शॉपिंग कराने ले गए और उन्होंने सुनील को उपहारस्वरूप एक ब्रीफकेस खरीद कर दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान करीब 33 साल बाद दूरदर्शन पर प्रसारित रामानंद सागर द्वारा निर्मित 'रामायण' को खासी लोकप्रियता मिली। अब उसे स्टार प्लस पर प्रसारित किया जा रहा है। रामायण की शूटिंग के पीछे की कहानी से प्रशंसकों को रूबरू कराने के लिए लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ट्विटर पर वीडियो साझा करते रहते हैं।
बुधवार को साझा किए गए वीडियो में उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा सुनाया कि कैसे दारा सिंह ने उन्हें विदेश में लुटने से बचाया था। वीडियो में सुनील किस्सा सुनाते हुए कहते हैं- रामायण के सिलसिले में रामायण की टीम पहली बार केन्या गई थी। वहां पर हनुमान का किरदार निभाने वाले दारा सिंह सुनील को शॉपिंग कराने ले गए और उन्होंने सुनील को उपहारस्वरूप एक ब्रीफकेस खरीद कर दिया। वापस लौटते वक्त रास्ते में किसी चोर ने ब्रीफकेस छीन कर भागने की कोशिश की। चोर जैसे ही आगे चल रहे दारा सिंह की बगल से गुज़रा, उन्होंने उसे कॉलर से पकड़ कर हवा में उठा लिया।
उनकी पकड़ से छूटने के बाद चोर ब्रीफकेस को वहीं छोड़कर भाग गया। इस तरह से दारा सिंह ने सुनील को लुटने से बचा लिया। दारा से मिले उस ब्रीफकेस को दिखाते हुए सुनील ने बताया कि वह उनके दिल के बहुत करीब है। दारा सिंह के बेशकीमती उपहार को उन्होंने आज भी सम्भालकर रखा है। संयोग देखिए, रामायण में भी लक्ष्मण की जान हनुमान ने ही बचाई थी।
इससे पहले उन्होंने बताया था कि रावण के दरबार में अंगद के पूंछ बढ़ाने वाले सीन के लिए प्लास्टिक की पाइप का इस्तेमाल किया गया था। फिर क्रोमा पर शूट करके एडिटिंग में इफेक्ट डालकर पूरा सीन तैयार किया गया था। रामायण का पहली बार प्रसारण अस्सी के दौर में दूरदर्शन पर किया गया था, जो बहुत कामयाब रहा था। रामायण में अरुण गोविल ने राम, दीपिका चिखलिया ने सीता, सुनील लहरी ने लक्ष्मण और दारा सिंह ने हनुमान के किरदार निभाये थे।